राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

चित्रकूट पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

On: September 6, 2026
Follow Us:
चित्रकूट पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
---Advertisement---

चित्रकूट/रविवार, 6 सितंबर 2026: मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से नुकसान की जानकारी ली। इसके बाद रामघाट और रामायण मेला परिसर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की तथा उन्हें राहत किट वितरित की।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12 बजे देवांगना घाटी स्थित चित्रकूट हवाई पट्टी पर उतरा। यहां उतरने के बाद उन्होंने अधिकारियों से जिले में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित इलाकों और अब तक हुए नुकसान की जानकारी ली। अधिकारियों से संक्षिप्त ब्रीफिंग लेने के बाद मुख्यमंत्री रामघाट के लिए रवाना हुए।

चित्रकूट बाढ़ पर सीएम योगी ने अधिकारियों से लिया अपडेट

रामघाट में स्थिति का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने रामायण मेला परिसर में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले हवाई सर्वेक्षण किया और इसके बाद रामघाट पहुंचकर बाढ़ की त्रासदी को करीब से देखा। उन्होंने बताया कि जिस दिन बाढ़ आई, उस समय वह बस्ती में थे। वहीं से उन्होंने डीजी पीएसी को निर्देश देकर राहत और बचाव दलों को चित्रकूट भेजने की व्यवस्था की।

योगी ने कहा कि शुरुआत में चित्रकूट में एसडीआरएफ की केवल एक टीम उपलब्ध थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी फ्लड की आठ टीमें भेजी गईं। उन्होंने बताया कि वहीं से लगातार स्थिति की समीक्षा की गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में पहली बार इस तरह की बाढ़ देखने को मिली है, जिसने बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित किया है।

‘चित्रकूट संकट में है, मैं रामभक्त बनकर आया हूं’

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में चित्रकूट से जुड़े धार्मिक और भावनात्मक संदर्भ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “आज चित्रकूट संकट में है और मैं रामभक्त बनकर यहां आया हूं।”

रामायण मेला परिसर में राहत किट बांटने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रभु श्रीराम संकट के समय चित्रकूट आए थे, तब चित्रकूट ने उनका साथ दिया था। आज जब चित्रकूट संकट में है तो एक रामभक्त उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में किसी भी पीड़ित को खुद को अकेला समझने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी संवेदना के साथ उनके साथ खड़ी है।

किसानों और व्यापारियों को नुकसान की भरपाई का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित किसानों, व्यापारियों और परिवारों को नुकसान का मुआवजा देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहत और पुनर्वास के काम में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के साथ-साथ आगे के पुनर्वास पर भी सरकार का ध्यान रहेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार के साथ पार्टी के कार्यकर्ता भी इस संकट की घड़ी में लोगों के बीच मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में वापस लाया जा सके।

चित्रकूट बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रभावित लोगों के लिए प्रशासनिक मदद के साथ भरोसा बहाल करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। मंदाकिनी के उफान से उपजी स्थिति ने धार्मिक नगरी के कई हिस्सों को प्रभावित किया है और ऐसे में राहत, बचाव तथा पुनर्वास की चुनौती एक साथ सामने है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें