राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

‘गुंडों को ढूंढकर देंगे ऐसी सजा कि कई पीढ़ियां रखेंगी याद’, सपा के रोड शो में किशोर की मौत पर भड़के CM योगी

On: November 19, 2026
Follow Us:
सपा के रोड शो में किशोर की मौत पर भड़के CM योगी
---Advertisement---

गोरखपुर (19 नवंबर 2026)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन सिंह की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को निर्मम हत्या करार देते हुए दोषियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन से कहा कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों को ढूंढ़कर ऐसी सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें।

गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज वन क्षेत्र स्थित भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए होती हैं, न कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और गुंडागर्दी के लिए।

योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में दोबारा किसी ने माफियागिरी दिखाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले भी गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है और अब फिर ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।

आर्यवर्धन सिंह की मौत पर CM योगी का सख्त रुख, प्रशासन को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि झंगहा से पढ़ाई के लिए गोरखपुर आया किशोर इस रोड शो की अव्यवस्था का शिकार हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उस मासूम बच्चे की गलती क्या थी?

सीएम योगी ने कहा कि एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, लेकिन घटना के बाद भी जिम्मेदार लोगों की ओर से संवेदना का एक शब्द नहीं आया। उन्होंने माफिया और अराजकता को संरक्षण देने वालों पर भी निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं होती, उसी तरह गुंडे और माफिया भी बिना सख्ती के सीधे नहीं होंगे। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की अराजकता फैलाने का साहस न करे।

उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

अखिलेश यादव को CM योगी की चुनौती, बोले- हिम्मत है तो अयोध्या से नामांकन करें

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव में हिम्मत है तो वह अयोध्या से नामांकन करें, वह भी आमने-सामने मुकाबले के लिए तैयार हैं।

योगी ने कहा कि कायर व्यक्ति सामने से मुकाबला नहीं करता, बल्कि पीछे से वार करता है। उन्होंने अयोध्या और भगवान श्रीराम का उल्लेख करते हुए कहा कि रामभक्त हर समय प्रभु का स्मरण करते हैं, जबकि दुर्जनों को अंतिम समय में मारीच की तरह राम नाम याद आता है।

मुख्यमंत्री का यह बयान अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने के बाद आया है। इससे प्रदेश की राजनीति में अयोध्या को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।

हैदराबाद के भाग्यलक्ष्मीपुरम को लेकर CM योगी का बयान

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में हैदराबाद की राजनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पर निशाना साधते हुए इन्हें एक ही थाली के चट्टे-बट्टे बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हैदराबाद से आए मौलाना को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम आने के साथ ही हैदराबाद का भाग्यलक्ष्मीपुरम बनना तय हो जाएगा। इस टिप्पणी के जरिए मुख्यमंत्री ने हैदराबाद की राजनीतिक पहचान और वहां चल रही चुनावी गतिविधियों को लेकर अपना राजनीतिक संदेश दिया।

अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगी वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की कक्षाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय की कक्षाएं अगले शैक्षणिक सत्र से वैकल्पिक स्थान पर शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा स्तर के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें सिल्वीकल्चर (वन संवर्धन), एग्रोफॉरेस्ट्री (कृषि वानिकी) और औद्यानिकी जैसे विषय शामिल होंगे।

इस संस्थान से वन संरक्षण, पर्यावरण प्रबंधन, कृषि वानिकी और बागवानी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पूर्वांचल के विद्यार्थियों को इन विषयों में नए शैक्षणिक अवसर भी मिल सकेंगे।

कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री संजय निषाद, डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्य मंत्री केपी मलिक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं के साथ शिक्षा और शोध के नए अवसरों पर जोर दिया गया। हालांकि, समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक बयानों और आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले ने भी खासा ध्यान खींचा। अब इस मामले में प्रशासनिक जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई पर लोगों की नजर रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

जनगणना 2027, सीएम योगी ने लैपटॉप से भरा अपना ब्योरा

जनगणना 2027: सीएम योगी ने लैपटॉप से भरा अपना ब्योरा, प्रदेशवासियों से स्वगणना में भागीदारी की अपील

सीएम योगी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

सीएम योगी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, बोले- सपा के गुंडों ने मासूम को कुचलकर मार डाला

CM योगी ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का दिया चैलेंज

‘चुनौती देने वालों में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं’, CM योगी ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का दिया चैलेंज

गोरखपुर के जटायु संरक्षण केंद्र पहुंचे CM योगी

गोरखपुर के जटायु संरक्षण केंद्र पहुंचे CM योगी, बोले- विलुप्तप्राय पक्षियों के संरक्षण में न हो कोई चूक

यूपी टीईटी 2026, 24 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन

यूपी टीईटी 2026: 24 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन, 26 और 27 फरवरी 2027 को होगी परीक्षा, देखें पूरा शेड्यूल

गोरखपुर में मासूम की मौत पर अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी

गोरखपुर में मासूम की मौत पर अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी, बोले- ‘उस निर्दोष बच्चे का क्या कसूर था?’