लखनऊ (रविवार, 22 नवंबर 2026)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विचारों, प्रदेश में हुए विकास कार्यों और उनके विजन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की खास भागीदारी देखने को मिली। किसी ने मुख्यमंत्री के प्रति अपने विचार कैनवास पर लिखे तो किसी ने प्रदेश के विकास और बदलते माहौल को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं। वहीं, 1090 चौराहे पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अवधी और भोजपुरी लोकगीतों, पारंपरिक नृत्यों तथा लाइव बैंड की प्रस्तुतियों ने शाम को यादगार बना दिया।
रविवार को ‘रंग दे बसंती’ की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भारतीय लोकसंस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। फोक मीडिया फाउंडेशन की ओर से खुशी एंड टीम के कलाकारों ने एक के बाद एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में परिवारों के साथ पहुंचे लोगों के अलावा बड़ी संख्या में युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। राहगीर भी प्रस्तुतियों को देखकर कुछ देर के लिए ठहर गए और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया।
‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी में युवाओं ने कैनवास पर लिखे अपने विचार
‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी के समापन अवसर पर युवाओं और आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहां लगाए गए कैनवास पर लोगों को अपने विचार और भावनाएं लिखने का अवसर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, प्रदेश में हुए बदलावों और भविष्य की अपेक्षाओं को लेकर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दर्ज कराईं।
अनुपम कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अभिभावक जैसी छवि की सराहना की। रोहित गुप्ता ने प्रदेश में अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर अपनी बात लिखी। वहीं, एक प्रशंसक ने ‘वी लव योगी बाबा’ लिखकर अपनी भावना व्यक्त की।
अंशिका ने ‘वी लव बुलडोजर बाबा’ और पुलकित ने ‘वन गोल-वन मिशन- योगी 3.0’ लिखकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। इस तरह प्रदर्शनी का कैनवास लोगों के विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का माध्यम बना।
गणेश वंदना से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या, राम भक्ति में डूबे दर्शक
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना ‘गजानन गणराया’ से हुई। कलाकार अभिजीत, राम शास्त्री, कृष्ण रावत, अंशिका, संध्या, निक्की और हीना ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से गणपति की आराधना की।
इसके बाद ‘राजा जनक जी के बाग में अलबेला दूल्हा आयो’ गीत पर कलाकारों के साथ युवाओं ने भी नृत्य किया। माहौल उस समय और भक्तिमय हो गया, जब ‘आज अवध में राम आये हैं’ की प्रस्तुति हुई। इस दौरान दर्शक रामभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
अंशिका, संध्या, शालू, निष्ठा, राम, कृष्ण रावत, यशी, विनय, शिवांग, अभिषेक दुबे, निशांत पांडेय और उद्भव सिंह की सामूहिक प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम की कोरियोग्राफी राकेश कुमार और खुशी ने की।
अवधी लोकनृत्य में दिखी किसान और ग्रामीण जीवन की झलक
कार्यक्रम में लोकसंस्कृति के साथ ग्रामीण जीवन और किसानों की खुशियों को भी मंच पर उतारा गया। अवधी लोकनृत्य ‘खुशियां मनावे किसान हो, लहरे खेत में फसलिया’ के माध्यम से कलाकारों ने लहलहाती फसलों और अच्छी पैदावार से किसान परिवारों के मन में पैदा होने वाली खुशी को दर्शाया।
संगमलता, शालिनी, नीतू, खुशी सहित अन्य कलाकारों ने इस प्रस्तुति में हिस्सा लिया। लोकगीत और पारंपरिक नृत्य के जरिए बुंदेली और अवधी अंचल सहित उत्तर प्रदेश की लोकपरंपराओं की सांस्कृतिक समृद्धि की झलक देखने को मिली।
मोबाइल की टॉर्च जलाकर झूमे युवा, लाइव बैंड ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या का एक खास आकर्षण युवाओं की भागीदारी रही। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने अपने मोबाइल फोन की लाइट जलाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कई युवा संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए।
अंश एंड टीम के लाइव बैंड ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मुंबई से आए गायक अंश ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। ‘न तुम जानो-न हम’, ‘इंतजार हो गई इंतहा की’ और ‘प्यार हुआ-इकरार हुआ’ जैसे गीतों पर युवाओं ने खूब उत्साह दिखाया।
1090 चौराहे से गुजर रहे राहगीर भी संगीत सुनकर रुक गए। अंश के साथ आदित्य ने ऑर्गन, ऋषभ ने ड्रम और शहनवाज ने गिटार पर संगत की। लाइव संगीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक संध्या के साथ एक यादगार युवा उत्सव का रूप दे दिया।
‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ ने युवाओं से किया संवाद, विकास कार्यों पर हुई चर्चा
प्रदर्शनी के दौरान ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ की टीम ने युवाओं से संवाद किया। टीम के सदस्यों ने प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, विभिन्न क्षेत्रों में आए बदलावों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘उत्तम प्रदेश’ के संकल्प एवं विजन के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान युवाओं के लिए क्विज का भी आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों से जुड़े सवाल पूछे गए। युवाओं ने प्रश्नोत्तरी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कैनवास पर हस्ताक्षर कर युवाओं ने लिया सक्रिय भागीदारी का संकल्प
‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ के स्टॉल पर लगाए गए कैनवास पर युवाओं ने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘उत्तम प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया। इसके साथ ही सदस्यता अभियान के माध्यम से भी युवाओं को जोड़ा गया।
इस दौरान फ्रेंड्स ऑफ योगी के वॉलंटियर्स विवेक कुमार, जीवन दीप, देवव्रत मिश्रा, उजाला विश्वकर्मा और अशेष सहित अन्य स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के संचालन और युवाओं से संवाद में भूमिका निभाई। सक्रिय भागीदारी करने वाले वॉलंटियर्स को संगठन की ओर से डायरी, कप और हुडी भेंट कर सम्मानित किया गया।
50 सप्ताह की यात्रा के बाद ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी का समापन केवल एक आयोजन का अंत नहीं रहा। अंतिम दिन युवाओं की भागीदारी, लोकगीतों की गूंज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लखनऊ के 1090 चौराहे को उत्सव के माहौल में रंग दिया।









