राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी के सख्त निर्देश, जमीन कब्जाने वालों पर होगी कार्रवाई

On: November 29, 2026
Follow Us:
गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी के सख्त निर्देश
---Advertisement---

गोरखपुर (रविवार, 29 नवंबर 2026)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन पर अवैध कब्जे और पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और न्यायपूर्ण समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे थे। गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद रविवार सुबह उन्होंने जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी स्वयं कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से संवाद किया।

गोरखपुर जनता दर्शन में जमीन कब्जे की शिकायतों पर सीएम योगी सख्त

जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने या कमजोर लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए।

वहीं, पारिवारिक जमीन और संपत्ति के बंटवारे से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी संवाद के जरिए विवाद सुलझाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में सभी पक्षों की बात सुनकर न्यायपूर्ण तरीके से हिस्सेदारी निर्धारित कराई जाए, ताकि विवाद का उचित समाधान हो सके।

मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी जरूरतमंद को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वालों को दिया भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से हरसंभव आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से संबंधित मेडिकल इस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। इसके बाद प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया जाए, जिससे जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या गोरखनाथ मंदिर की परंपरा के अनुसार रही। उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय गोवंश के बीच बिताया। इस दौरान उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और उन्हें दुलारते नजर आए।

गोशाला में एक गोवंश को काफी देर तक गुड़ खिलाने के बाद मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक पूछा, ‘हो गया न, और खाएगा।’ उनका यह सहज संवाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।

गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जहां मुख्यमंत्री ने जमीन संबंधी विवादों, अवैध कब्जों और इलाज के लिए आर्थिक सहायता जैसे मामलों पर अधिकारियों को निर्देश दिए, वहीं मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now