दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से करीब आधे घंटे हुई मुलाकात; अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ने और भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं पर शमी ने कहा- अभी कोई विचार नहीं
अमरोहा (29 नवंबर 2026)। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद अब शमी की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई मुलाकात ने सियासी अटकलों को हवा दे दी है। हालांकि, तेज गेंदबाज ने इन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए मुलाकात को निजी बताया है और साफ किया है कि फिलहाल चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कोई फैसला नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात दिल्ली में मोहम्मद शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद शमी के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं फिर शुरू हो गई हैं।
जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद भी उठे थे सियासी सवाल
अमरोहा जिले के सहसपुर अलीनगर गांव के रहने वाले मोहम्मद शमी की राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर पहले भी अटकलें लगती रही हैं। करीब दो महीने पहले उनकी और उनके भाई हसीब अहमद की रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात हुई थी।
उस समय चर्चा शुरू हुई थी कि शमी आगामी विधानसभा चुनाव में अमरोहा सदर सीट से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, शमी ने उस वक्त भी राजनीति में आने की खबरों को खारिज करते हुए जयंत चौधरी से मुलाकात को निजी बताया था।
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद एक बार फिर उनके चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर चर्चा होने लगी है।
भाजपा में शामिल होने की चर्चा, शमी ने क्या कहा?
नितिन नवीन से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी सामने आई कि मोहम्मद शमी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
दैनिक जागरण से मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में शमी ने कहा कि नितिन नवीन से उनकी मुलाकात निजी थी और इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी उन्होंने इस बारे में कोई विचार नहीं किया है। यदि भविष्य में ऐसा कोई फैसला लेते हैं तो इसकी जानकारी सभी को दी जाएगी।
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद बढ़ी थीं अटकलें
मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद उनके अगले कदम को लेकर भी कई तरह के कयास लगाए गए। इसी बीच अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं से उनकी मुलाकातों ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
फिलहाल शमी ने राजनीति में आने या किसी पार्टी से चुनाव लड़ने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में उनकी मुलाकातों को लेकर चल रही चर्चाओं के बावजूद किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या विधानसभा चुनाव लड़ने को तय मानना जल्दबाजी होगी।












