लखनऊ (Sun, 12 Oct 2025) — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘Har Ghar Nal Yojana UP’ की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं के फेज-1 और फेज-2 को 15 दिसंबर 2025 तक और फेज-3 को मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
योगी ने कहा कि यह योजना केवल पेयजल की आपूर्ति भर नहीं है, बल्कि जन-स्वास्थ्य, महिलाओं की गरिमा और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा एक मिशन है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि समयसीमा और गुणवत्ता पर किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं होगा।
💧 1.98 करोड़ ग्रामीण परिवारों तक पहुंचा नल कनेक्शन
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 1.98 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन मिल चुका है। राज्य के 85,364 गांवों में योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 34,274 गांवों में नियमित जल आपूर्ति शुरू है।
राज्य में 90,223 करोड़ रुपये की लागत से कुल 611 योजनाएं चल रही हैं, जिनमें 63 सतही स्रोत आधारित और 548 भूजल स्रोत आधारित प्रोजेक्ट शामिल हैं।
🏗️ गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद एनसीसी लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो, मेघा इंजीनियरिंग, पीएनसी इन्फ्राटेक, आईसी इंफ्रा, पॉवर मैक, और कल्पतरु प्रोजेक्ट्स जैसी एजेंसियों से कहा कि “गुणवत्ता और समयसीमा, दोनों का सख्ती से पालन किया जाए।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार धन की कमी को किसी भी चरण में बाधा नहीं बनने देगी।
🧾 जनसहभागिता और शिकायत निस्तारण को मिली प्राथमिकता
‘Har Ghar Nal Yojana UP’ के तहत शिकायत निवारण के लिए https://jalsamadhan.in पोर्टल और टोल-फ्री नंबर 1800-121-2164 जारी किए गए हैं।
अब तक 62,688 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 46,354 का निस्तारण किया जा चुका है।
राज्य सरकार ने इसे और अधिक जनसहभागिता आधारित मॉडल बनाने पर जोर दिया है।
🇮🇳 राज्य सरकार अपने संसाधनों से करेगी काम जारी
बैठक में यह भी बताया गया कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन की अवधि दिसंबर 2028 तक बढ़ाने और परियोजना लागत में वृद्धि करने का प्रस्ताव रखा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से कार्य जारी रखेगी, ताकि ग्रामीण इलाकों को शुद्ध जल समय पर मिल सके और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर जल” संकल्प को साकार किया जा सके।








