लखनऊ (मंगलवार, 21 अक्तूबर 2025) – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास से पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए गेहूं बीज सहायता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का असली आनंद तभी है जब हम किसी जरूरतमंद की मदद करें। इसी भावना के साथ उत्तर प्रदेश सरकार पंजाब के किसानों के साथ खड़ी है।
सीएम योगी ने कहा, “आपदा का सामना पंजाब के किसान अकेले नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर आपदा-पीड़ित नागरिक के साथ खड़ी है — चाहे राहत सामग्री की बात हो या आर्थिक सहयोग की।”
हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है यूपी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने कृषि आत्मनिर्भरता के लक्ष्य में ऐतिहासिक योगदान दिया है। लेकिन इस वर्ष हुई अतिवृष्टि से जनजीवन और फसल दोनों प्रभावित हुए हैं। किसानों के बीज भंडार भी नष्ट हो गए हैं, जिससे अगली फसलों पर संकट मंडरा रहा है।
ऐसे समय में उत्तर प्रदेश सरकार ने कृषि विभाग और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के माध्यम से ढाई हजार बोरे यानी 1000 क्विंटल उन्नत गेहूं बीज भेजने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड में आई बाढ़ के दौरान यूपी ने राहत सामग्री और मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद भेजी थी।
रोग-प्रतिरोधी और उच्च उत्पादक बीज भेजा गया
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पंजाब के किसानों के लिए भेजा गया “बीबी-327 (करण शिवानी)” प्रजाति का बीज रोग-प्रतिरोधी और पोषणयुक्त है। यह केवल 155 दिनों में तैयार हो जाता है और प्रति हेक्टेयर 80 क्विंटल तक उपज देने की क्षमता रखता है।
उन्होंने कहा कि बीज निगम की यह उपलब्धि संस्थागत ईमानदारी और दक्षता का परिणाम है। “जब हमने कार्यभार संभाला था तब निगम घाटे में था। आज यह 148 करोड़ रुपये के लाभांश पर संचालित है और केवल एक वर्ष में 37 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमा चुका है,” सीएम ने कहा।
जल्द बनेंगे छह आधुनिक सीड पार्क
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को समय पर उन्नत और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की स्मृति में “सीड पार्क” की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में पांच अन्य सीड पार्क भी बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगर किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज मिलें तो लागत घटती है और उत्पादन बढ़ता है, लेकिन घटिया या विलंबित बीज से 30 से 50 प्रतिशत तक उत्पादन घट सकता है। यूपी सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को श्रेष्ठ बीज समय पर मिलें।
योगी ने बताया कि देश की कुल कृषि योग्य भूमि में यूपी की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत है, लेकिन राज्य देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 21 प्रतिशत योगदान देता है — यह किसानों की मेहनत और नीतिगत दक्षता का प्रमाण है।
गुरु हरगोविंद जी महाराज की जयंती पर दिया संदेश
सीएम ने कहा कि दीपावली के साथ-साथ सिख परंपरा के षष्ठम गुरु, श्री गुरु हरगोविंद जी महाराज की जयंती भी मनाई जा रही है। उनके जीवन से सेवा, त्याग और परोपकार की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि गुरु हरगोविंद जी ने 52 राजाओं को कैद से मुक्त कर मानवता का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके हरमंदिर साहिब आगमन पर पंजाब में दीप जलाए गए थे, ठीक वैसे ही जैसे श्रीराम के अयोध्या लौटने पर दीपावली मनाई जाती है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के किसानों को दीपावली और गुरु हरगोविंद जी महाराज की जयंती की बधाई दी।
योगी सरकार की मानवीय पहल
जब पंजाब में बाढ़ ने फसलें तबाह कर दीं और किसानों के पास बीज तक नहीं बचे, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदनशील पहल करते हुए 1000 क्विंटल बीज भेजने का निर्णय लिया। ये बीज निशुल्क वितरित किए जाएंगे, ताकि किसान दोबारा खेती शुरू कर सकें।
दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब के कृषि मंत्री ने बाढ़ से बिगड़े हालात की जानकारी दी थी, जिसके बाद सीएम योगी ने तुरंत सहायता का निर्णय लिया। यह पहल राज्यों के बीच सहयोग और मानवता की अद्भुत मिसाल मानी जा रही है।
इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव (सीएम कार्यालय) संजय प्रसाद और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








