लखनऊ (Fri, 24 Oct 2025) – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने सुशासन और ई-गवर्नेंस को नए आयाम दिए हैं। ‘Mission Karmayogi’ के तहत कर्मचारियों और अधिकारियों को डिजिटल प्रशिक्षण देने का यह कार्यक्रम अब अपनी वास्तविक सफलता दिखा रहा है। योगी सरकार के डिजिटल दक्षता अभियान ने समाज कल्याण विभाग को अग्रणी बना दिया है, जहाँ 3,900 कर्मचारियों ने अब तक 21,150 ऑनलाइन कोर्स पूरे कर लिए हैं।
इस पहल का सबसे बड़ा लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है, कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ी है और सेवाओं की गति में भी सुधार हुआ है। इससे यह स्पष्ट होता है कि योगी सरकार का लक्ष्य “कुशल, पारदर्शी और जवाबदेह शासन” साकार हो रहा है।
3,900 कर्मचारी जुड़े, पूरे किए 21,150 कोर्स
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, सितंबर 2025 तक कुल 3,900 अधिकारी, शिक्षक और संविदाकर्मी IGOT Karmayogi पोर्टल पर पंजीकृत हुए। इन कर्मचारियों ने अब तक 15,893 घंटे का प्रशिक्षण पूरा किया। आंकड़ों के मुताबिक, 2,759 कर्मचारियों ने कम से कम एक कोर्स, 2,289 कर्मचारियों ने तीन या उससे अधिक कोर्स पूरे किए हैं। वहीं, 1,611 कर्मचारियों ने तीन से कम कोर्स पूरे किए, जबकि 1,141 कर्मचारी अभी प्रशिक्षण के अंतर्गत हैं।
डिजिटल दक्षता और पारदर्शी शासन पर जोर
‘Mission Karmayogi’ प्रशिक्षण पाठ्यक्रम केवल प्रशासनिक सुधार तक सीमित नहीं हैं। ये प्रशिक्षण कर्मचारी कौशल को नई तकनीकों के साथ जोड़ने पर भी ध्यान केंद्रित करते हैं। उदाहरण के लिए, ‘Basics of Artificial Intelligence’, ‘Procurement Process on GeM’, ‘Right to Information Act’, और ‘National Education Policy 2020’ जैसे कोर्स तकनीकी दक्षता और जवाबदेही को बढ़ाते हैं। साथ ही, ‘Yoga Break at Workplace’ और POSH Act 2013 से कर्मचारियों को तनावमुक्त और सुरक्षित कार्यसंस्कृति का प्रशिक्षण मिलता है।
योगी सरकार डिजिटल शासन नीति को दे रही नई दिशा
इस डिजिटल प्रशिक्षण पहल का उद्देश्य केवल कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना नहीं है, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पेपरलेस, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाना भी है। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा,
“Mission Karmayogi प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साझा सोच का परिणाम है। यह पहल सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद कर रही है। हमारे अधिकारी और कर्मचारी डिजिटल रूप से दक्ष बन रहे हैं, जिससे जनता को योजनाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ मिल सके।”
इस तरह, ‘Mission Karmayogi’ न केवल सरकारी कर्मचारियों के कौशल को बढ़ा रहा है बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र में जवाबदेही और दक्षता की नई मिसाल कायम कर रहा है।








