गाजीपुर/30 जुलाई 2026: गाजीपुर में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक आत्मीय और मानवीय पक्ष देखने को मिला। सभा के बीच उनकी नजर दो महिलाओं पर पड़ी, जो हाथों से बनाई गई उनकी पेंटिंग लेकर खड़ी थीं। भाषण समाप्त होते ही मुख्यमंत्री ने सुरक्षाकर्मियों से कहा, “इन्हें मंच पर लाओ”। इसके बाद दोनों महिलाओं को मंच पर बुलाया गया, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी बनाई हुई पेंटिंग भेंट की। योगी आदित्यनाथ ने पेंटिंग को सहर्ष स्वीकार करते हुए महिलाओं की सराहना की और उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
CM Yogi Ghazipur Visit: पेंटिंग देखकर मंच पर बुलाया, लाभार्थियों को भी बांटे योजनाओं के लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कदम जनसभा में मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा। मंच पर पहुंचीं दोनों महिलाओं ने मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत की, हालचाल जाना और उनके प्रयास की खुलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पूरे दृश्य का तालियों के साथ स्वागत किया।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया और उन्हें सहायता राशि, स्वीकृति पत्र तथा अन्य लाभ प्रदान किए। कार्यक्रम में गाजीपुर जिले के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें जिले में हुए बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को दर्शाया गया।
बच्चों का कराया अन्नप्राशन, दिए खिलौने
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से खिलौने भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह पल भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए भावुक और यादगार बन गया।
इन लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से—
- अनिमेष राय को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप प्रदान किया गया।
- सुंदरी को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत ₹7 हजार का चेक और प्रमाण पत्र मिला।
- आशुतोष पांडेय, वंदना यादव और दिवाकर सिंह को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
- अंचलानंद राय को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत ₹1.08 लाख का चेक सौंपा गया।
- मनोरमा देवी को लखपति दीदी योजना का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
- मधुबाला भारती को 877 रिवॉल्विंग फंड और 819 सामुदायिक निवेश निधि के अंतर्गत ₹14.91 करोड़ से अधिक की धनराशि का चेक प्रदान किया गया।
- सोमारी को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का स्वीकृति पत्र मिला।
- पूनम देवी को मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र दिया गया।
- पुष्पा देवी को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत ₹5 लाख का चेक प्रदान किया गया।
- नितेश राय को फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत ₹32 लाख का चेक मिला।
- कंचन यादव को शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र सौंपा गया।
गाजीपुर की इस जनसभा में जहां एक ओर मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं के लाभार्थियों को सरकारी सहायता सौंपी, वहीं दूसरी ओर दो महिलाओं की कला का सम्मान कर यह संदेश भी दिया कि समाज में प्रतिभा और सृजनशीलता को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। यही मानवीय पहल कार्यक्रम की सबसे चर्चित झलक बन गई।










