चित्रकूट/09 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय चित्रकूट दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को धर्मनगरी में आस्था और जनसरोकार का अनूठा संदेश दिया। चित्रकूट दौरे के दौरान उन्होंने भगवान कामतानाथ और बरहा स्थित पवनपुत्र हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने श्रद्धापूर्वक कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा लगाई और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूरी धर्मनगरी भक्तिमय माहौल में डूबी नजर आई। परिक्रमा मार्ग पर “जय श्रीराम” और “जय कामतानाथ” के जयघोष लगातार गूंजते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए मार्ग के दोनों ओर खड़े दिखाई दिए।
कामदगिरि परिक्रमा के दौरान बंदरों को खिलाया प्रसाद, बच्चों को बांटी टॉफियां
सुबह करीब छह बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस से सीधे बरहा स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले उन्होंने श्रद्धापूर्वक भूमि को प्रणाम किया और फिर कामदगिरि परिक्रमा की शुरुआत की।
परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री ने रास्ते में मौजूद बंदरों को केले और चने खिलाए। वहीं, मार्ग में मिले बच्चों को चॉकलेट और टॉफियां देकर उनका हालचाल भी जाना। मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
भगवान कामतानाथ मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना
कामदगिरि परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने आरती उतारकर प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में मौजूद साधु-संतों ने भी मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते हुए अपनी धार्मिक यात्रा पूरी की। परिक्रमा का समापन पुनः बरहा स्थित हनुमान मंदिर में हुआ, जहां उन्होंने बजरंगबली की आरती कर दर्शन किए।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम, जनप्रतिनिधि और संत समाज रहा मौजूद
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर डॉ. विपिन विराट जी महाराज, कामदगिरि वार्ड के पार्षद अरुण त्रिपाठी, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, पूर्व सांसद आर.के. पटेल, भैरव प्रसाद मिश्रा, पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनकी धार्मिक यात्रा के साक्षी बने।










