गोरखपुर/5 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। गोसेवा के दौरान मुख्यमंत्री ने गोशाला में मौजूद गोवंश को दुलारा, उनके माथे पर हाथ फेरा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। उन्होंने गोशाला के कर्मचारियों से गोवंश के स्वास्थ्य और खानपान की जानकारी भी ली और उनकी बेहतर देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए।
गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार रात गोरखपुर पहुंचे थे। देर रात तक गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के बाद शनिवार सुबह भी उनकी दिनचर्या परंपरा के अनुरूप रही।
गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी गोसेवा के लिए पहुंचे गोशाला
सुबह मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे।
गोशाला में उन्होंने काफी समय गोवंश के बीच बिताया। एक-एक कर गोवंश को दुलारते हुए उनके माथे पर हाथ फेरा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश की संख्या, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने गोवंश की नियमित देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। धार्मिक आस्था और सेवा की यह परंपरा गोरखनाथ मंदिर की दिनचर्या का भी महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
बच्चों से मिले सीएम योगी, पूछा नाम और पढ़ाई
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां अपने परिजनों के साथ आए बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाया और बातचीत के दौरान उनका नाम, वे कहां से आए हैं और किस कक्षा में पढ़ते हैं, यह पूछा।
बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद सहज और आत्मीय रहा। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उनके सिर पर हाथ फेरकर खूब पढ़ने का आशीर्वाद दिया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के धार्मिक आयोजनों के बीच अगले दिन मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के लिए भी खास रहा। एक ओर उन्होंने मंदिर की परंपरागत पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया, वहीं सुबह गोशाला में पहुंचकर गोवंश की देखभाल का जायजा लिया और बच्चों के साथ कुछ पल बिताए।











