देवरिया/9 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को देवरिया के पैतृक गांव बरपार पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष और देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य और राजनीतिक जीवन देशसेवा के प्रति समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस दौरान सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक गांव में रहे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में हुआ निधन
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में सुबह 11:15 बजे निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से देवरिया सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बरपार पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उनका अंतिम संस्कार बरहज में सरयू नदी के तट पर किया जाएगा।
1955 में सेना में हुए थे कमीशन, 1992 में मिला परम विशिष्ट सेवा पदक
श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का जन्म 13 अक्टूबर 1934 को हुआ था। उन्होंने एमएससी (डिफेंस स्टडीज) की शिक्षा प्राप्त की। जून 1955 में भारतीय सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त कर उन्होंने अपने सैन्य जीवन की शुरुआत की।
जम्मू-कश्मीर में सेवाएं देने के बाद फरवरी 1957 में वह 63 कैवेलरी में शामिल हुए। वर्ष 1964-65 के दौरान नागालैंड में स्क्वाड्रन कमांडर के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने बांग्लादेश मोर्चे पर सैन्य कमान संभाली। इसके बाद वर्ष 1976 में मिजोरम में उग्रवाद विरोधी अभियान में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सैन्य सेवा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए वह वर्ष 1992-93 में उप थल सेनाध्यक्ष के पद तक पहुंचे। देश के प्रति उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) और वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) से सम्मानित किया गया।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में बनाई पहचान
सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने राजनीति में कदम रखा। भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर उन्होंने वर्ष 1996 और 1999 में देवरिया संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीता। इस तरह वह दो बार सांसद बने।
उनके व्यक्तित्व में सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक जीवन के प्रति प्रतिबद्धता का अनूठा संगम देखने को मिलता था। सेना में उच्च पदों पर सेवाएं देने के बाद राजनीति के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहना उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके सैन्य और राजनीतिक योगदान को देशसेवा की प्रेरक मिसाल बताया।
परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री
श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के परिवार में पत्नी शशि त्रिपाठी, पुत्र एवं देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, व्यवसायी मृगांक मणि त्रिपाठी और पुत्री शिप्रा त्रिपाठी हैं।
उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, विधायक दीपक मिश्र शाका, एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय दुबे, मारकंडेय शाही, जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, अजय दुबे, जितेंद्र सिंह और नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल रहे।
श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन देवरिया के लिए एक बड़ी क्षति है। सैन्य सेवा से लेकर संसदीय जीवन तक उनका सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए देशसेवा, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा बना रहेगा।









