राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

वाराणसी में FHRAI सम्मेलन का समापन, पर्यटन मंत्री शेखावत बोले- ‘हॉस्पिटैलिटी है अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन’

On: August 23, 2026
Follow Us:
वाराणसी में FHRAI सम्मेलन का समापन
---Advertisement---

वाराणसी/23 अगस्त 2026। काशी में होटल और रेस्तरां उद्योग के तीन दिवसीय महामंथन का रविवार को समापन हो गया। देश के होटल और रेस्तरां उद्योग के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (FHRAI) के 56वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी केवल कारोबार नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और आतिथ्य परंपरा की अभिव्यक्ति है। उन्होंने इसे पर्यटन अर्थव्यवस्था का वास्तविक ग्रोथ इंजन बताया।

ताज होटल में आयोजित FHRAI सम्मेलन की इस वर्ष की थीम ‘अनंत काशी: अध्यात्म, संस्कृति, व्यंजन और शिल्प से पर्यटन के भविष्य का नेतृत्व’ रही। सम्मेलन में देशभर से बड़ी संख्या में होटल, रेस्तरां, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए।

FHRAI सम्मेलन में करीब 1500 प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

समापन सत्र की शुरुआत कन्वेंशन आयोजन समिति के अध्यक्ष गरिश ओबेराय के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बताया कि इस बार सम्मेलन में करीब 1500 प्रतिनिधियों का पंजीकरण हुआ और क्षमता पूरी होने के बाद रजिस्ट्रेशन बंद करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान वाराणसी के होटल पूरी तरह भरे रहे। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिनिधियों के अलावा थाईलैंड की राजदूत और श्रीलंका समेत विदेशों से भी प्रतिनिधि पहुंचे।

ओबेराय के अनुसार, तीन दिनों में पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ाने, निवेश, ऊर्जा, तकनीक, मार्केटिंग और बदलती उपभोक्ता मांग जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

मेवाड़ और काशी के रिश्ते का भी हुआ जिक्र

समापन कार्यक्रम में उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और पर्यटन उद्यमी लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने काशी और मेवाड़ के ऐतिहासिक संबंधों को याद किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1912 में महाराणा फतेह सिंह ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना में डेढ़ लाख रुपये का योगदान दिया था।

उन्होंने कहा कि उस दौर में शिक्षा और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए किया गया यह योगदान महत्वपूर्ण था। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए FHRAI पदाधिकारियों और आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना की।

‘हॉस्पिटैलिटी केवल व्यवसाय नहीं, संस्कृति और संस्कारों की अभिव्यक्ति’

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सम्मेलन में शामिल होटल-रेस्तरां उद्योग के प्रतिनिधियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों का आभार जताया।

उन्होंने भारत की पारंपरिक आतिथ्य भावना ‘अतिथि देवो भव’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हॉस्पिटैलिटी सिर्फ एक व्यवसाय या प्रोफेशन नहीं है। यह भारतीय संस्कृति और संस्कारों को दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

शेखावत ने कहा कि काशी हजारों वर्षों की सभ्यता का प्रतीक है। यहां आने वाले यात्रियों का आत्मीयता के साथ स्वागत करना इस शहर की परंपरा का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि हॉस्पिटैलिटी पर्यटन यात्रा को यादगार अनुभव में बदलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देती है। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।

AI और क्वांटम के दौर में भी हॉस्पिटैलिटी में रोजगार की बड़ी संभावना

पर्यटन मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग तेजी से दुनिया को बदल रहे हैं, लेकिन हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के कई रोजगार स्थानीय स्तर पर बने रहेंगे। ऐसे कार्यों में मानवीय संपर्क और व्यक्तिगत अनुभव की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए इन्हें आसानी से तकनीक से प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता।

यह क्षेत्र विशेष रूप से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है। पर्यटन बढ़ने के साथ होटल, रेस्तरां, परिवहन, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलता है।

होटल उद्योग को इंडस्ट्री स्टेटस देने की मांग पर सरकार गंभीर

सम्मेलन में होटल उद्योग की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर भी चर्चा हुई। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि होटल उद्योग को पूर्ण इंडस्ट्री स्टेटस मिलना चाहिए। इसके साथ कम लागत पर दीर्घकालिक वित्त, सस्ती भूमि, राज्य सरकारों का सहयोग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कई राज्यों ने ब्याज सब्सिडी, प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली शुल्क और अन्य करों में राहत जैसे कदम उठाए हैं, लेकिन अभी इसे आदर्श स्थिति तक ले जाने की जरूरत है।

मंत्री के मुताबिक सरकार का दायित्व है कि पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में निवेश को सुरक्षित बनाया जाए और व्यावहारिक नीतियां तैयार की जाएं। उन्होंने बताया कि 50 पर्यटन स्थलों पर होटलों को विशेष दर्जा दिलाने और बेहतर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम जारी है।

तीन दिनों में पर्यटन के भविष्य पर हुआ मंथन

सम्मेलन के दौरान आध्यात्मिक और वेलनेस पर्यटन, MICE, वेडिंग टूरिज्म, सस्टेनेबल हॉस्पिटैलिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, ODOP के जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

समापन सत्र में हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के मेधावी छात्रों और उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को FHRAI Excellence Award से सम्मानित किया गया।

देशभर से आए 1400 से अधिक प्रतिनिधियों ने काशी की सांस्कृतिक विरासत का अनुभव भी किया। सम्मेलन के दौरान आध्यात्मिकता, संस्कृति, खानपान और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का प्रयास दिखाई दिया।

काशी में आयोजित यह सम्मेलन इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा कि यहां पर्यटन कारोबार की चर्चा सिर्फ कमरों और रेस्तरां तक सीमित नहीं रही। स्थानीय संस्कृति, रोजगार, तकनीक, निवेश और टिकाऊ पर्यटन जैसे मुद्दे भी केंद्र में रहे। इससे वाराणसी की वह तस्वीर सामने आई, जिसमें काशी आध्यात्मिक पहचान के साथ-साथ भारत के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के भविष्य पर संवाद का बड़ा मंच बनती दिख रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

अखिलेश यादव के बयान पर सीएम योगी का पलटवार

अखिलेश यादव के बयान पर सीएम योगी का पलटवार, बोले- जनता सपा को हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी

यामानाशी गवर्नर बोले- सीएम योगी संग ग्रीन हाइड्रोजन और विश्व शांति पर करेंगे काम

यूपी-जापान संबंधों में नया अध्याय: यामानाशी गवर्नर बोले- सीएम योगी संग ग्रीन हाइड्रोजन और विश्व शांति पर करेंगे काम

स्कूलों के जर्जर भवनों पर सीएम योगी का पलटवार

स्कूलों के जर्जर भवनों पर सीएम योगी का पलटवार, बोले- ‘जिनके इशारे पर दिखाए जा रहे, ये उन्हीं के स्मारक हैं’

यूपी के युवाओं के लिए जापान में रोजगार का मौका, नर्सिंग केयर में 2 लाख तक वेतन

यूपी के युवाओं के लिए जापान में रोजगार का मौका, नर्सिंग केयर में 2 लाख तक वेतन; अगले 30 साल बड़ी मांग

रसोइयों को मिला बड़ा सुरक्षा कवच, योगी ने कराया बच्चों का अन्नप्राशन

रसोइयों को मिला बड़ा सुरक्षा कवच, योगी ने कराया बच्चों का अन्नप्राशन; छात्राओं ने सीएम संग ली सेल्फी

रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार का रसोइयों को बड़ा तोहफा

रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार का रसोइयों को बड़ा तोहफा, मानदेय 3,000 रुपये और 5 लाख तक कैशलेस इलाज