राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

लखनऊ में 23 से 26 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव, कजाकिस्तान-जिम्बाब्वे-मालदीव के कलाकार भी देंगे प्रस्तुति

On: November 19, 2026
Follow Us:
लखनऊ में 23 से 26 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव
---Advertisement---

लखनऊ (Thu, 19 Nov 2026)। जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ में 23 से 26 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। लोकनायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित इस चार दिवसीय उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। खास बात यह है कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों के साथ कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्सव का आयोजन गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय गौरव पखवाड़ा के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। सभी कार्यक्रमों में आम लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार प्रस्तुत करेंगे लोकनृत्य और संगीत

पर्यटन मंत्री के मुताबिक, उत्सव में महाराष्ट्र, सिक्किम, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और उत्तर प्रदेश के 500 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। ये कलाकार पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और जनजातीय वाद्ययंत्रों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत करेंगे।

उत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को भी विशेष रूप दिया गया है। 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इससे दर्शकों को अलग-अलग देशों की जनजातीय और पारंपरिक कलाओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

1090 चौराहे से निकलेगी सांस्कृतिक समागम यात्रा

आयोजन के पहले दिन यानी 23 नवंबर को 1090 चौराहे से सांस्कृतिक समागम यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न राज्यों के करीब 250 कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के साथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी दिन उत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

हस्तशिल्प, जनजातीय व्यंजन और साहित्य के भी लगेंगे स्टॉल

उत्सव में केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ही नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की कला, खानपान और साहित्य को भी प्रमुखता दी जाएगी। हस्तशिल्प एवं कला मेले में 70 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पारंपरिक शिल्प और कलात्मक उत्पादों को देखने तथा खरीदने का अवसर मिलेगा।

व्यंजन मेले को ‘जेवनार एवं देशी स्वाद’ नाम दिया गया है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों और स्थानीय स्वादों से लोगों को परिचित कराया जाएगा।

साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘पोथी घर’ भी बनाया जाएगा। इसमें जनजातीय साहित्य, लोककला और बोलियों से जुड़ी पुस्तकों के साथ जनजातीय लोककला एवं बोली विकास अकादमी, जनजातीय संग्रहालय भोपाल और अन्य प्रकाशनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

‘धरती आबा’ नाटक का होगा मंचन, जनजातीय विकास पर संगोष्ठी

उत्सव के दौरान लोकनायक बिरसा मुंडा के जीवन और जनजातीय समाज के संघर्ष एवं योगदान को दर्शाने वाले ‘धरती आबा’ नाटक का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय समाज के उत्थान और विकास से जुड़े विषयों पर संगोष्ठी आयोजित होगी। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदाय के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी मुद्दों पर संवाद को बढ़ावा देना है।

रोज सुबह 11 बजे से शुरू होगा शिल्प मेला, रात 9 बजे होगा समापन

आयोजन के लिए प्रतिदिन का समय भी निर्धारित किया गया है। शिल्प मेला सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 5 बजे से आयोजित किए जाएंगे। मेले की गतिविधियों का समापन रात 9 बजे होगा।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, जनजाति विकास विभाग, ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट, समाज कल्याण विभाग तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने राजधानी के लोगों से उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समुदाय के रहन-सहन, विविधता, लोककला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

गोरखपुर के जटायु संरक्षण केंद्र पहुंचे CM योगी

गोरखपुर के जटायु संरक्षण केंद्र पहुंचे CM योगी, बोले- विलुप्तप्राय पक्षियों के संरक्षण में न हो कोई चूक

यूपी टीईटी 2026, 24 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन

यूपी टीईटी 2026: 24 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन, 26 और 27 फरवरी 2027 को होगी परीक्षा, देखें पूरा शेड्यूल

गोरखपुर में मासूम की मौत पर अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी

गोरखपुर में मासूम की मौत पर अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी, बोले- ‘उस निर्दोष बच्चे का क्या कसूर था?’

गोरखपुर में सीएम योगी ने किया प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन

गोरखपुर में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्योगिक विश्वविद्यालय का भूमि पूजन, 491 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बनेंगे दो फुट ओवर ब्रिज, डेढ़ लाख लोगों को मिलेगी राहत

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बनेंगे दो फुट ओवर ब्रिज, डेढ़ लाख लोगों को मिलेगी राहत; लिफ्ट की भी होगी सुविधा

यूपी कैबिनेट, छह माह बढ़ेगा ग्राम प्रशासकों का कार्यकाल

यूपी कैबिनेट: छह माह बढ़ेगा ग्राम प्रशासकों का कार्यकाल, आयोग की रिपोर्ट का इंतजार; पंचायत चुनावों में ये पेच