बरेली/30 जुलाई 2026। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को बरेली में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने बरेली और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में नौ जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से तीसरे और चौथे सोमवार को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, क्योंकि इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है।
कांवड़ रूट पर सुरक्षा, सफाई और प्रतिबंधों का पालन कराने के निर्देश
डीजीपी राजीव कृष्ण ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की बिक्री पर लागू प्रतिबंधों का पूरी सख्ती से पालन कराया जाए। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) पूरी तरह सक्रिय रहे, ताकि किसी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।
डीजे की आवाज और आकार को लेकर भी दिए निर्देश
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे के उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डीजे संचालकों के साथ बैठक कर ध्वनि स्तर और डीजे के आकार को निर्धारित मानकों के अनुरूप तय कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव बोले- सभी विभाग मिलकर करें समन्वय
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, नगर निकाय, बिजली और लोक निर्माण विभाग सहित सभी एजेंसियां एक-दूसरे के साथ लगातार संपर्क में रहें, ताकि कांवड़ यात्रा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य सचिव ने गंगा एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन को भी समान प्राथमिकता दे रही है।
नौ जिलों के अधिकारी रहे बैठक में शामिल
मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण गुरुवार सुबह हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचे, जिसके बाद वे सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर, एडीजी, आईजी और डीआईजी के अलावा बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और सावन माह की तैयारियों से संबंधित एक विस्तृत बुकलेट भी तैयार की, जिसे मुख्य सचिव और डीजीपी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।










