लखनऊ, Fri, 08 May 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना 2026 के तहत यूपीएससी (UPSC), पीसीएस (PCS), एसएससी (SSC), एनडीए (NDA), सीडीएस (CDS), नीट (NEET) और जेईई (JEE) जैसी प्रमुख परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
प्रदेश सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है, ताकि वे महंगी कोचिंग संस्थाओं पर निर्भर हुए बिना प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।
1 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं
जिला समाज कल्याण अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्या के अनुसार, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए नए अभ्यर्थियों से आवेदन 8 मई से लिए जा रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 मई तक जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा 5 जून से 15 जून 2026 के बीच आयोजित की जा सकती है। इसके बाद परिणाम, काउंसलिंग और मेरिट आधारित पंजीकरण प्रक्रिया 20 जून से 25 जून तक पूरी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की कक्षाएं 1 जुलाई 2026 से शुरू होंगी।
किन छात्रों को मिलेगा आवेदन का मौका?
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना 2026 के तहत अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पात्रता भी निर्धारित की गई है।
- UPSC, PCS और SSC जैसी एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्नातक अंतिम वर्ष या स्नातक उत्तीर्ण छात्र आवेदन कर सकते हैं।
- NDA और CDS के लिए संबंधित परीक्षा के अनुरूप शैक्षिक योग्यता जरूरी होगी।
- NEET और JEE की तैयारी के लिए विज्ञान वर्ग के कक्षा 11वीं और 12वीं में अध्ययनरत या उत्तीर्ण छात्र आवेदन के पात्र होंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से कर सकते हैं आवेदन
अभ्यर्थी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना 2026 के लिए आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन फॉर्म डॉ. भीमराव आंबेडकर के खंदारी परिसर स्थित IAS एवं PCS परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9458229850 और 7985478963 पर संपर्क कर सकते हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए बड़ी पहल
पिछले कुछ वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का खर्च लगातार बढ़ा है। ऐसे में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उन छात्रों के लिए उम्मीद बनकर सामने आई है, जो प्रतिभाशाली तो हैं लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण अच्छी कोचिंग नहीं ले पाते।
प्रदेश सरकार का दावा है कि योजना के तहत विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, नियमित कक्षाएं और परीक्षा आधारित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में छात्र इस योजना से जुड़ रहे हैं।










