लखनऊ (09 सितम्बर 2025) – नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों का असर अब हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ काठमांडू में उग्र आंदोलन के चलते त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Kathmandu Airport) को सोमवार को बंद करना पड़ा। इसके चलते काठमांडू जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बीच रास्ते में ही डायवर्ट कर लखनऊ एयरपोर्ट (अमौसी) पर उतारा गया।
लखनऊ में उतारे गए विमान
- दिल्ली से काठमांडू जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-1153 को डायवर्ट कर लखनऊ में उतारा गया। इसमें 160 यात्री सवार थे।
- दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई फ्लाइट FZ-539 को 3:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।
- मुंबई से काठमांडू जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-1157 को पहले लखनऊ लाया गया और बाद में दिल्ली भेज दिया गया।
- बैंकॉक से काठमांडू आ रही थाई लायन एयर फ्लाइट TLM-220 को 3:05 बजे लखनऊ में उतारा गया।
मुंबई वाली फ्लाइट को छोड़कर बाकी सभी विमान फिलहाल लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़े हैं।
यात्रियों की मुश्किलें
एअर इंडिया और इंडिगो ने काठमांडू की अपनी कुछ उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दीं। वहीं इंडिगो की दिल्ली और मुंबई से उड़ानें लंबे समय तक काठमांडू एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति का इंतजार करती रहीं, लेकिन हालात बिगड़ने के कारण उन्हें लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।
क्यों बंद करना पड़ा एयरपोर्ट?
नेपाल के नागरिक उड्डयन अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाई गई आग से उठा घना धुआं रनवे के दक्षिणी हिस्से में फैल गया। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट प्रबंधन ने काठमांडू में लैंडिंग पर रोक लगा दी। इस दौरान कई भारतीय विमान नेपाल के ऊपर लंबे समय तक होवर करते रहे।
सीमा से लेकर आसमान तक अलर्ट
नेपालगंज और काठमांडू दोनों जगह हालात तनावपूर्ण होने से भारत-नेपाल सीमा सील कर दी गई है। अब हवाई मार्ग पर भी असर दिखने से यात्रियों और एयरलाइनों दोनों के लिए परेशानी बढ़ गई है।








