लखनऊ (Sun, 08 Mar 2026)। भारतीय क्रिकेट टीम की टी20 वर्ल्ड कप जीत ने पूरे देश को जश्न में डुबो दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आज एक बार फिर पूरी दुनिया में भारत का तिरंगा शान से लहराया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, “जयतु भारतम्! आज फिर आसमान ‘तिरंगा’ हो गया। 145 करोड़ भारतवासियों को हार्दिक बधाई। विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन।”
सीएम योगी ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप जीत भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने टीम इंडिया के प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने टी20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व विजेता बनने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सतीश महाना ने कहा कि यह जीत केवल खेल की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। उनके मुताबिक, भारतीय खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ फाइनल मुकाबला जीता, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल है। शहरों से लेकर गांवों तक क्रिकेट प्रेमियों ने इस जीत को अपने-अपने तरीके से सेलिब्रेट किया। सोशल मीडिया पर भी टीम इंडिया के खिलाड़ियों की जमकर सराहना हो रही है।
भारतीय टीम की यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि जब खेल के मैदान पर प्रतिभा, मेहनत और टीमवर्क एक साथ आते हैं, तो जीत खुद-ब-खुद भारत के कदम चूमती है।









