राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

लखनऊ में टाटा ग्रुप का शानदार ताज पैलेस शुरू, सीएम योगी बोले- यूपी में बसती है भारत की आत्मा

On: August 19, 2026
Follow Us:
सीएम योगी बोले- यूपी में बसती है भारत की आत्मा
---Advertisement---

लखनऊ/19 अगस्त 2026: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विभूति खंड में बुधवार को टाटा ग्रुप के ताज पैलेस होटल की नई शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर होटल का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने होटल का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे लखनऊ के लिए उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल विकास की रफ्तार से नहीं, बल्कि अपनी विरासत, संस्कृति और संभावनाओं के कारण भी देश में अलग पहचान रखता है। इसी संदर्भ में उन्होंने निवेशकों और उद्यमियों को ‘थिंक बिग, थिंक लाइक यूपी’ का मंत्र दिया।

ताज पैलेस लखनऊ: सीएम योगी ने कहा- उत्तर प्रदेश में बसती है भारत की आत्मा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की आत्मा उत्तर प्रदेश में बसती है। अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, काशी और प्रयागराज जैसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी इस पहचान को मजबूत करती हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख स्थल और जैन परंपरा के महत्वपूर्ण तीर्थ भी उत्तर प्रदेश की धरती से जुड़े हैं।

उन्होंने गंगा, यमुना और सरयू जैसी नदियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत बेहद व्यापक है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अपनी पहचान को भूलने के कारण एक दौर में उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों में सरकार ने प्रदेश की संभावनाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। उनका दावा है कि आज यूपी ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ वाला राज्य बनकर उभरा है।

पर्यटन में यूपी ने बदली अपनी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने पर्यटन क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में प्रदेश पर्यटन के मामले में देश में तीसरे स्थान पर था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में काशी, प्रयागराज, मथुरा-वृंदावन, अयोध्या समेत प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों पर 156 करोड़ पर्यटकों के आने का आंकड़ा सामने आया।

योगी ने कहा कि एक समय ताज पैलेस जैसे बड़े होटल का लखनऊ में आना सपना माना जाता था। अब परिस्थितियां बदल गई हैं। बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश की छवि में बदलाव आया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास के साथ विरासत’ के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने दोनों को जोड़कर उत्तर प्रदेश को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया है।

लखनऊ तीसरा शहर, जहां ताजमहल और ताज पैलेस दोनों होटल

सीएम योगी ने ताज ग्रुप के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1903 में मुंबई में ताज ग्रुप का पहला होटल शुरू हुआ था। इसके बाद दिल्ली में भी समूह की मौजूदगी बनी।

उन्होंने कहा कि लखनऊ तीसरा शहर है, जहां ताजमहल और ताज पैलेस दोनों होटल मौजूद हैं। लखनऊ की पहचान उसकी विरासत, तहजीब और सांस्कृतिक परंपराओं से है। यूनेस्को की ओर से शहर को मिले महत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान को अब वैश्विक मंच पर भी पहचान मिल रही है।

ताज पैलेस लखनऊ में 181 कमरे, 10 हजार वर्गफुट का बैंक्वेट हॉल

मुख्यमंत्री ने होटल की सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ताज पैलेस लखनऊ में 181 कमरे और सुइट्स हैं। इसके अलावा यहां एक भव्य प्रेसिडेंशियल सुइट और करीब 10,000 वर्गफुट का पिलरलेस बैंक्वेट हॉल भी तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ऐसे होटल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, समारोह और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर आधार तैयार करते हैं। इससे शहर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

जापान का प्रतिनिधिमंडल बनेगा होटल का पहला अतिथि

मुख्यमंत्री ने दिल्ली में आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जापान ने टेक्नोलॉजी और रिसर्च के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और उत्तर प्रदेश में जापानी कंपनियों की रुचि बढ़ रही है।

योगी ने बताया कि ग्रीन हाइड्रोजन, आधुनिक तकनीक, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर जापानी प्रतिनिधियों ने उत्सुकता दिखाई है। उन्होंने कहा कि जापान से आया प्रतिनिधिमंडल ताज पैलेस लखनऊ का पहला अतिथि होगा।

होटल से 600 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने होटल, हॉस्पिटल, मॉल और संस्थानों को केवल व्यक्तिगत निवेश के तौर पर देखने के बजाय पूरे आर्थिक इकोसिस्टम से जोड़कर देखने की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि ताज पैलेस लखनऊ से करीब 600 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि सप्लाई चेन से जुड़कर सैकड़ों अन्य लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेंगे। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में इस तरह का विस्तार होटल से आगे बढ़कर स्थानीय परिवहन, खानपान, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं की मांग को भी प्रभावित करता है।

एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट तक, सीएम ने गिनाईं यूपी की उपलब्धियां

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बदल चुका है। उन्होंने प्रदेश में 17 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है और प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने पहली रैपिड रेल और इनलैंड वाटरवे जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा के माहौल ने उत्तर प्रदेश की कारोबारी और पर्यटन संबंधी संभावनाओं को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) जैसी योजनाओं से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को बाजार मिला है और यूपी से करीब दो लाख करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है।

लखनऊ के खानपान को मिले वैश्विक सम्मान का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के खानपान और पाक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यूनेस्को ने शहर को ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ के रूप में मान्यता दी है।

उन्होंने ताज ग्रुप के अधिकारियों से कहा कि जिस शहर और परंपरा से होटल जुड़ रहा है, वहां के स्थानीय खानपान को भी पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने लखनऊ की ‘लजीज गली’ का जिक्र करते हुए अवध के खानपान के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के बाटी-चोखा और सत्तू जैसे व्यंजनों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने मिलेट्स में मौजूद संभावनाओं पर भी जोर दिया।

2029-30 तक यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म प्लानिंग पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए युवाओं की स्किलिंग पर भी जोर देना होगा।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ‘बॉटम थ्री’ से ‘टॉप थ्री’ तक पहुंचा है और आने वाले समय में राज्य को भारत की आर्थिक विकास यात्रा के प्रमुख इंजन के रूप में स्थापित करने का प्रयास जारी रहेगा।

कार्यक्रम में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) के एमडी पुनीत चटवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह और होटल ताज पैलेस लखनऊ के एमडी अनिल सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

YEIDA में होगा 3195 करोड़ का जापानी निवेश

YEIDA में होगा 3195 करोड़ का जापानी निवेश, यूपी-जापान इन्वेस्टर्स समिट 2026 में 10 हजार नौकरियों का रास्ता साफ

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में सीएम योगी का निवेशकों को खुला आमंत्रण

‘जो कहते हैं उसे जमीन पर उतारते हैं’, यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में सीएम योगी का निवेशकों को खुला आमंत्रण

निवेशकों का भरोसा भी बना रहा, कुबोटा और मिंडा ने की सीएम योगी की तारीफ

‘यूपी सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं, निवेशकों का भरोसा भी बना रहा’, कुबोटा और मिंडा ने की सीएम योगी की तारीफ

भारत-जापान रिश्तों में नई मजबूती, सुरेश खन्ना

भारत-जापान रिश्तों में नई मजबूती, यूपी के साथ बढ़ रही रणनीतिक साझेदारी: सुरेश खन्ना

शिवराज बोले- मशीनरी सस्ती और उपयोगी हो, गांव के युवाओं को मिले रोजगार

छोटे किसानों के लिए जापानी तकनीक से बनेगी नई राह, शिवराज बोले- मशीनरी सस्ती और उपयोगी हो, गांव के युवाओं को मिले रोजगार

सीएम योगी बोले- जापान के साथ साझेदारी यूपी को दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अहम

सीएम योगी बोले- जापान के साथ साझेदारी यूपी को दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अहम