राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

यमुना प्राधिकरण की आय में चार गुना उछाल, प्राप्तियां 7,071 करोड़ रुपये के पार; 94वीं बोर्ड बैठक में 12 प्रस्ताव मंजूर

On: November 26, 2026
Follow Us:
यमुना प्राधिकरण की आय में चार गुना उछाल, 94वीं बोर्ड बैठक में 12 प्रस्ताव मंजूर
---Advertisement---

लखनऊ (26 नवंबर 2026)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की वित्तीय स्थिति में एक साल के भीतर बड़ा बदलाव दर्ज किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां बढ़कर 7,071.48 करोड़ रुपये पहुंच गईं, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 1,746.38 करोड़ रुपये था। इस तरह प्राप्तियों में करीब चार गुना वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में औद्योगिक निवेश और आधारभूत ढांचे के विस्तार की दिशा में यीडा की 94वीं बोर्ड बैठक में भी कई अहम फैसले लिए गए। गुरुवार को हुई बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, किसानों के हित, आवासीय भूखंड आवंटियों को राहत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने एजेंडे के विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

भूमि अधिग्रहण और जेवर एयरपोर्ट के लिए करोड़ों रुपये खर्च

प्राधिकरण ने भूमि अधिग्रहण के लिए 8,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इसमें से अब तक 4,985.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जो कुल बजट का 62.32 प्रतिशत है। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पर 566.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके अलावा निर्माण एवं विकास कार्यों पर 383 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि विशेष परियोजनाओं के लिए एनएचएआई को 555.38 करोड़ रुपये दिए गए।

निवेश को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को भी अंगीकृत किया। इसके तहत उपयुक्त सेक्टरों का चयन, भूखंडों का नियोजन और योजना का ब्रोशर तैयार किया जाएगा। इन्वेस्ट यूपी से मिले लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर प्राप्त प्रस्तावों को देखते हुए सेक्टर-4ए और 8ई में औद्योगिक भूखंड विकसित करने के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया।

आवासीय भूखंड आवंटियों को एक साल की अतिरिक्त मोहलत

यीडा बोर्ड ने आवासीय भूखंड आवंटियों को राहत देते हुए भवन निर्माण की निशुल्क समयसीमा एक साल बढ़ा दी है। अब लीज डीड के निष्पादन के बाद भवन निर्माण की निशुल्क अवधि 31 दिसंबर 2027 तक रहेगी। इससे पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर 2026 निर्धारित थी।

प्राधिकरण के कुछ आवासीय क्षेत्रों में किसानों से जुड़े विवाद और न्यायालयों के स्थगन आदेशों के कारण सड़क, सिविल और इलेक्ट्रिकल से संबंधित विकास कार्य अधूरे हैं। ऐसे में आवंटियों को निर्माण के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला किया गया है।

इसके साथ ही प्राधिकरण के कॉर्पस फंड के इस्तेमाल के लिए विनियमावली तैयार करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसमें लीज रेंट, ट्रांसफर चार्ज, रेस्टोरेशन चार्ज, एक्सटेंशन चार्ज, प्लान प्रोसेसिंग फीस, विलंब भुगतान दंड, कंप्लीशन फीस, जल एवं सीवर कनेक्शन शुल्क और मॉर्गेज अनुमति शुल्क जैसी मदों को शामिल किया गया है।

मास्टर प्लान-2041 और सड़क मरम्मत के प्रस्ताव को मंजूरी

बोर्ड बैठक में यीडा का सर्विस मास्टर प्लान-2041 प्रस्तुत किया गया। इसमें जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा ग्राम जिकरपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे क्षतिग्रस्त हॉलेज रोड की मरम्मत के लिए 665.64 लाख रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी गई। यह सड़क जिकरपुर को अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ने वाला सीधा पहुंच मार्ग है।

पर्यावरण संरक्षण और विमानन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यीडा वेस्ट मैनेजमेंट (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) बायलॉज-2026 के ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन को भी स्वीकृति दी गई। इसके तहत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

संस्थानों में लगेंगे रूफटॉप सोलर प्लांट, आगरा अर्बन सेंटर को भी मंजूरी

प्राधिकरण क्षेत्र के संस्थानों में रेस्को (RESCO) मॉडल पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसका क्रियान्वयन नेडा द्वारा अनुमोदित एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। इस पहल से संस्थानों में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के ड्राफ्ट प्रतिवेदन और भू-उपयोग मानचित्र को बोर्ड ने अनुमोदित कर दिया। अब इसे शासन की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। प्रदेश सरकार की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी मॉडल भवन विनियम-2026 को भी यीडा ने अंगीकृत कर लिया है।

किसानों को 3,183 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त प्रतिकर

बोर्ड बैठक में किसानों को दिए गए लाभों का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार, प्राधिकरण अब तक 14,281 किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन कर चुका है। इनमें से 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए गए हैं, जबकि विभिन्न सेक्टरों में 5,147 भूखंड नियोजित किए जा चुके हैं।

इसके अतिरिक्त 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर यानी नो लिटिगेशन इंसेंटिव के तहत किसानों को करीब 3,183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। बोर्ड बैठक में लिए गए फैसलों का दायरा औद्योगिक निवेश से लेकर किसानों के मुआवजे, आवासीय आवंटियों की राहत और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तक फैला हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

अयोध्या से जनकपुर धाम तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया तय, टिकट बुकिंग शुरू

अयोध्या से जनकपुर धाम तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया तय, टिकट बुकिंग शुरू; पहले दिन 105 से अधिक टिकट बुक

गोरखपुर में 4068 करोड़ की दो मेगा परियोजनाओं का शिलान्यास 29 नवंबर को

गोरखपुर में 4068 करोड़ की दो मेगा परियोजनाओं का शिलान्यास 29 नवंबर को, अदाणी और श्रेयस ग्रुप करेंगे निवेश

परीक्षा सुधार में उत्तर प्रदेश का मॉडल पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल, सीएम योगी

परीक्षा सुधार में उत्तर प्रदेश का मॉडल पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल: सीएम योगी, नंदन नीलेकणि ने भी की तारीफ

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में आजमगढ़ ने मारी बाजी, बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे नंबर पर

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में आजमगढ़ ने मारी बाजी, 75.69% प्रगति के साथ यूपी में पहले स्थान पर; बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे नंबर पर

UPSSSC केन सुपरवाइजर मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी

UPSSSC केन सुपरवाइजर मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, 29 नवंबर को एग्जाम

UPPSC के नए अध्यक्ष बने डीजी पीएसी आलोक सिंह

UPPSC के नए अध्यक्ष बने डीजी पीएसी आलोक सिंह, 23 जनवरी 2029 तक संभालेंगे पदभार