राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

आतंकियों की हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी, इनके लिए भारत में कोई जगह नहीं : योगी आदित्यनाथ

On: November 18, 2026
Follow Us:
आतंकियों की हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी, योगी आदित्यनाथ
---Advertisement---

लखनऊ, 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवाद और देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाले तत्वों के लिए भारत में कोई जगह नहीं है। सुरक्षा बलों को आतंकियों की हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करनी होगी। आधुनिक तकनीक, मजबूत रणनीति, त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान एनएसजी कमांडोज ने मॉक ड्रिल के जरिए अदम्य साहस, सामरिक दक्षता और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। अभ्यास में आतंकियों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।

NSG और यूपी पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण सुरक्षा क्षमता को करेगा मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच संयुक्त प्रशिक्षण आतंकवाद तथा अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में आपसी समन्वय और परिचालन क्षमता को मजबूत करेगा। बदलती वैश्विक परिस्थितियों में सुरक्षा बलों को हर चुनौती का सामना करने के लिए लगातार तैयार रहना होगा।

उन्होंने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। अपराधियों को अभय नहीं मिलेगा, आतंकियों को अवसर नहीं दिया जाएगा और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट और ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया ने देखी भारत की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकवादी हमलों का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति और जवाबी कार्रवाई की क्षमता का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को लेकर सरकार का रुख दृढ़ है। नक्सलियों को संरक्षण मिलेगा, न आतंकियों को मौका दिया जाएगा और न ही राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता होगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें सुरक्षा बल हर चुनौती से पहले तैयार रहते हैं और किसी भी खतरे का प्रभावी जवाब देने में सक्षम बनते हैं।

हवाला, साइबर अपराध और क्रिप्टो के जरिए भी सुरक्षा को चुनौती

मुख्यमंत्री ने आगाह किया कि आतंकवादी गतिविधियां अब केवल पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं हैं। आतंकी हवाला नेटवर्क, नकली करेंसी, साइबर अपराध और क्रिप्टो करेंसी जैसे माध्यमों का इस्तेमाल कर देश की अर्थव्यवस्था तथा सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को इन नए खतरों से निपटने के लिए तकनीकी रूप से सक्षम और सतर्क रहना होगा। कोई भी आतंकी डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे छिपकर सुरक्षा एजेंसियों से बच नहीं सकेगा। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।

यूपी पुलिस और एटीएस के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पुलिस बल ने बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। प्रयागराज कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की क्षमता, समर्पण और बेहतर प्रबंधन का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए गए हैं, जबकि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

यूपी-112 का रिस्पांस टाइम घटकर पांच से सात मिनट

योगी आदित्यनाथ ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपी-112 का रिस्पांस टाइम पहले करीब 65 मिनट था, जिसे घटाकर पांच से सात मिनट तक लाया गया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं, जो सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त और ध्वस्त की गई हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now