गोरखपुर (शुक्रवार, 20 नवंबर 2026)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव का नहीं, बल्कि उत्सव का प्रदेश बन चुका है। यहां गुंडागर्दी, अराजकता और संगठित अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी प्रदेश का माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करेगा, सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार में शामिल लोगों और युवाओं के करियर से खिलवाड़ करने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने युवाओं को तकनीक और कौशल के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही भर्ती प्रक्रिया, रोजगार, निवेश और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखा।
‘टैबलेट रील देखने के लिए नहीं, करियर बनाने का माध्यम’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई पीढ़ी और जेन-जी को बदलते उत्तर प्रदेश की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन सकता है। सरकार युवाओं को तकनीक, प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। अब जरूरत है कि युवा इन संसाधनों का सही इस्तेमाल करते हुए अपने भविष्य की दिशा तय करें।
टैबलेट के उपयोग को लेकर मुख्यमंत्री ने युवाओं को खास सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल डिवाइस को केवल रील देखने और मनोरंजन का साधन न बनाया जाए, बल्कि इसका इस्तेमाल पढ़ाई, कौशल विकास और करियर निर्माण के लिए होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग करना जरूरी है, लेकिन उसे अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा, “तकनीक का उपयोग करें, तकनीक को खुद का उपयोग न करने दें।” उन्होंने रील पर बर्बाद होने वाले 30 सेकंड के बजाय स्किलिंग के लिए 30 मिनट और तीन घंटे निकालने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर जानकारी सही नहीं होती। किसी सामग्री को पढ़ने, देखने या साझा करने से पहले उसकी तथ्यात्मक जांच करनी चाहिए। इसके साथ ही डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।
भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
भर्ती और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित थी। परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र ‘सैफई सिंडिकेट’ के लोगों को मिल जाता था। उनके मुताबिक, नकल माफिया और भर्ती माफिया युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले नौकरी मिलने के बाद भी युवाओं को भर्ती निरस्त होने या न्यायालय से स्थगन आदेश आने की आशंका बनी रहती थी। इससे युवाओं के सामने रोजगार के साथ-साथ पहचान का संकट भी खड़ा होता था।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद भर्ती बोर्डों और आयोगों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा न जाए। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने अभ्यर्थियों के करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों की संपत्ति जब्त कर गरीबों के हित में इस्तेमाल करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
साढ़े नौ साल में पौने दस लाख सरकारी नौकरियां देने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि अब नियुक्तियां पैसे या रिश्तेदारी के आधार पर नहीं, बल्कि प्रतिभा और योग्यता के आधार पर हो रही हैं।
भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में हेरफेर करने वालों के लिए आजीवन कारावास तथा एक करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। ऐसे मामलों में दोषियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और राजस्व सहित विभिन्न विभागों में हाल के दिनों में 16 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उनके अनुसार, आठ हजार लेखपालों की भर्ती पूरी हो चुकी है, जबकि 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है और सत्यापन का काम अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा 42 हजार से अधिक होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक नियमित अंतराल पर नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम आयोजित करना है।
50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों से रोजगार के अवसरों का दावा
मुख्यमंत्री ने युवाओं से केवल सरकारी नौकरी को ही रोजगार का एकमात्र विकल्प न मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योगों के विस्तार से निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर तैयार हो रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनके माध्यम से 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से अब तक वहां 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्टार्टअप की बढ़ती संख्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या करीब 120 थी, जो अब बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। उनके अनुसार, युवा अब उद्यमिता की ओर भी आगे बढ़ रहे हैं और दूसरे लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार कर रहे हैं।
टैबलेट में 18 हजार से अधिक कोर्स, युवा साथी ऐप भी होगा उपयोगी
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए थे। अब दूसरे चरण में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। लखनऊ के बाद गोरखपुर में इस चरण का दूसरा बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि टैबलेट में इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड और युवा साथी ऐप सहित डिजिटल माध्यमों के जरिए 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर मंडल के चार जिलों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इनमें गोरखपुर के 35 हजार और देवरिया, कुशीनगर तथा महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थी शामिल रहे।








