गोरखपुर, 16 मई 2026: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद राज्य ने विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में ऐसा परिवर्तन देखा है, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल अपनी आबादी के लिए नहीं, बल्कि तेज विकास, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल के लिए जाना जाता है।
यूपी में आया अद्भुत बदलाव, निवेशकों की पहली पसंद बना प्रदेश
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने उत्तर प्रदेश को बेहद करीब से बदलते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य ने ऐसी नई पहचान बनाई है, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन चुकी है।
उन्होंने कहा, “मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, वैसा उदाहरण देश में बहुत कम देखने को मिलता है। कानून-व्यवस्था में सुधार ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।”
पुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की प्रशासनिक शैली बेहद स्पष्ट और परिणाम आधारित है। वह किसी भी विषय को गहराई से समझकर निर्णय लेते हैं और उसे तेजी से लागू भी करते हैं। उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में इस योजना को बड़े स्तर पर लागू करने की प्रतिबद्धता जताई है।
पीएम आवास योजना से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक गिनाईं उपलब्धियां
केंद्रीय मंत्री ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केवल 17 हजार आवासों की मांग आई थी, लेकिन योगी सरकार बनने के बाद यह संख्या 17 लाख के पार पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में सड़क, एयर कनेक्टिविटी, मेट्रो नेटवर्क, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस कॉरिडोर और शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इसके साथ ही राज्य हरित ऊर्जा और कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पुरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थापित हो रहे सीबीजी प्लांट “वेस्ट टू वेल्थ” विजन को मजबूत कर रहे हैं और इससे किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को बताया दूरदर्शी पहल
गोरखपुर में बन रहे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल एक खेल परियोजना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला कदम है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण में पेट्रोलियम मंत्रालय के उपक्रम Indian Oil Corporation ने 60 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जबकि अन्य पेट्रोलियम कंपनियों ने भी सहयोग किया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह स्टेडियम पूर्वांचल की नई खेल प्रतिभाओं का केंद्र बनेगा और यहां से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे।
“पूर्वांचल में तैयार होंगे रोहित-विराट जैसे खिलाड़ी”
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पूर्वांचल के युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यहां से रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी निकलेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2029 तक इस स्टेडियम में आईपीएल मैच आयोजित होने की संभावना है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर और पूर्वांचल का तेजी से विकास हुआ है और अब खेल सुविधाएं भी विश्वस्तरीय स्तर पर पहुंच रही हैं।
खेल क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जबकि ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण भी इसी विजन का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को रोजगार की गारंटी भी दे रही है।
“जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं सीएम योगी”
गोरखपुर से सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि कुछ साल पहले तक किसी ने कल्पना नहीं की थी कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के लिए यह ऐतिहासिक सौगात दी है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से न सिर्फ खेल को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। रविकिशन ने कहा, “डबल इंजन सरकार में कथनी और करनी में फर्क नहीं है। मुख्यमंत्री जो कहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं।”










