गोरखपुर/25 जून 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अक्षय पात्र फाउंडेशन के अत्याधुनिक केंद्रीकृत (सेंट्रलाइज्ड) किचन का लोकार्पण करते हुए कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव उसके स्वस्थ और शिक्षित बच्चे होते हैं। उन्होंने कहा कि जब बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, तभी वे अपनी पूरी क्षमता के साथ देश और समाज के विकास में योगदान दे पाएंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर अक्षय पात्र किचन बच्चों के पोषण और शिक्षा दोनों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में यहां से प्रतिदिन करीब 50 हजार बच्चों को गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। आने वाले समय में इसकी क्षमता बढ़ाकर एक लाख बच्चों तक भोजन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वच्छ भोजन ही अच्छे स्वास्थ्य की पहली शर्त
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केवल भोजन उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई बार घरों, होटलों, रेस्तरां और सार्वजनिक आयोजनों में लापरवाही के कारण फूड प्वाइजनिंग जैसी घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में भोजन तैयार करने से लेकर पैकिंग और वितरण तक हर स्तर पर स्वच्छता के मानकों का पालन बेहद जरूरी है।
उन्होंने अक्षय पात्र फाउंडेशन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने भोजन निर्माण और वितरण की पूरी प्रक्रिया को गुणवत्ता और स्वच्छता के उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किया है, जिससे बच्चों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई बड़े शहरों में अक्षय पात्र फाउंडेशन के केंद्रीकृत किचन पहले से सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और अब गोरखपुर में इसकी शुरुआत पूर्वांचल के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है। उनका कहना था कि इस पहल से बड़ी संख्या में बच्चों तक संतुलित आहार पहुंचेगा, जिससे कुपोषण कम करने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।
शिक्षा की गुणवत्ता से तय होगा समाज का भविष्य
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज की सबसे मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि किसी भी राज्य और देश का भविष्य उसके विद्यालयों में तैयार होता है। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक माहौल मिल रहा है।
उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के मद्देनजर अधिकारियों और शिक्षकों से अपील की कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे। साथ ही प्रत्येक छात्र को समय पर यूनिफॉर्म, किताबें, स्कूल बैग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
आधुनिक शिक्षा व्यवस्था पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार माध्यमिक शिक्षा को आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नकलविहीन परीक्षाएं, प्रोजेक्ट अलंकार, अटल टिंकरिंग लैब, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और अभ्युदय कोचिंग जैसी योजनाओं के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर दिए जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने अक्षय पात्र फाउंडेशन को इस सामाजिक पहल के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि बच्चों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने का यह अभियान आने वाले वर्षों में एक स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेहबहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अक्षय पात्र फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








