मेरठ/08 अगस्त 2026। तपती सड़क, पैरों में छाले और सैकड़ों किलोमीटर का सफर… भगवान शिव की भक्ति में आगे बढ़ रहे कांवड़ियों के लिए शनिवार का दिन खास बन गया। मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्तों का अभिनंदन किया। हेलीकॉप्टर से आसमान से बरसते फूलों को देखकर कई कांवड़िए भावुक हो उठे। किसी ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया तो किसी ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से अपनी खुशी जाहिर की।
पुष्पवर्षा ने यात्रा की थकान के बीच शिवभक्तों में जैसे नई ऊर्जा भर दी। कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री के स्वागत को केवल फूलों की बारिश नहीं, बल्कि उनकी आस्था, तपस्या और भक्ति के सम्मान के रूप में देखा।
‘फूल नहीं, आस्था पर बरसा सम्मान’
हेलीकॉप्टर से फूल बरसने शुरू हुए तो सड़क पर चल रहे कांवड़ियों ने हाथ उठाकर अभिवादन किया। कुछ ही देर में पूरा कांवड़ मार्ग ‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष से गूंज उठा। चेहरों पर थकान कम और उत्साह ज्यादा दिखाई देने लगा।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबाद जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कांवड़ियों के बीच आकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उनके मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने केवल फूल नहीं बरसाए, बल्कि शिवभक्तों की आस्था और तपस्या का सम्मान किया। राहुल ने इस पल को जिंदगी भर याद रहने वाला बताया।
‘सारी थकान जैसे एक पल में गायब हो गई’
दिल्ली निवासी रोहित कई दिनों से पैदल यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गर्मी, उमस और भीड़ के बीच लंबी दूरी तय करना आसान नहीं है। शरीर थक चुका था, लेकिन हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश और सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखकर उन्हें लगा कि जैसे थकान कुछ पल के लिए पीछे छूट गई।
रोहित के साथ चल रहे अन्य शिवभक्तों ने भी कहा कि वे बाबा भोलेनाथ के दर्शन और गंगाजल अर्पित करने निकले हैं। मेरठ में मिला यह स्वागत उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।
कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं ने भी जीता दिल
गाजियाबाद के कांवड़िए मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह यात्रा की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे सरकार की गंभीरता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद कांवड़ मार्ग का जायजा ले रहे हैं और शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर यह संदेश दे रहे हैं कि कांवड़िए केवल यात्री नहीं, बल्कि भगवान शिव के भक्त और अतिथि हैं।
मुकुल के शब्दों में, इस सम्मान ने उनका दिल जीत लिया।
‘यह स्वागत कभी नहीं भूलेंगे’
दिल्ली निवासी अनुज ने कहा कि घर लौटने के बाद वह मेरठ में हुए स्वागत का अनुभव जरूर साझा करेंगे। उनके मुताबिक, गंगाजल के साथ मेरठ की यह याद भी उनके साथ जाएगी।
बुलंदशहर से कांवड़ लेकर पहुंचीं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था लेकर निकले शिवभक्तों पर फूल बरसते देख मन प्रसन्न हो गया। उनके लिए मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सम्मान खुशी और गर्व का विषय है।
महिला कांवड़ियों ने भी सराहा स्वागत
हापुड़ से आईं शिवभक्त विजया और जयंती ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ ऐसा सम्मान मिलना सुखद अनुभव है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान महिलाओं सहित श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
उनका कहना था कि मेरठ में मिला यह स्वागत लंबे समय तक उनकी यादों में बना रहेगा।
फूलों से सजा मार्ग, गूंजता रहा ‘हर-हर महादेव’
पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में उत्साह साफ नजर आया। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई भगवा ध्वज लहरा रहा था। ऊपर से बरसते फूल और नीचे गूंजते जयघोष ने कांवड़ यात्रा के इस पड़ाव को यादगार बना दिया। कई कांवड़ियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के सम्मान ने उन्हें नई ऊर्जा दी है और अब वे और उत्साह के साथ बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित करने बढ़ रहे हैं।
CM योगी के आने की खबर पर रात से रुके कांवड़िए
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद कई राज्यों से आए कांवड़िए शुक्रवार रात से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास बने शिविरों में रुक गए थे। श्रद्धालुओं में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ को देखने और उनका स्वागत पाने को लेकर उत्सुकता थी।
जैसे ही मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे, कांवड़ियों का उत्साह और बढ़ गया।
करीब 20 मिनट तक हुई पुष्पवर्षा
कांवड़ियों के स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 20 मिनट तक पुष्पवर्षा कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर रहे, जबकि हेलीकॉप्टर से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का दल कांवड़ पथ पर पुष्पवर्षा करता रहा।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर मौजूद रहे।
CM योगी को देखकर कांवड़ियों का बढ़ा उत्साह
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में डीजे वाली कांवड़ें भी शामिल थीं। जैसे ही ये कांवड़ें मंच के पास पहुंचतीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखकर शिवभक्तों का उत्साह बढ़ जाता।
कई कांवड़ियों ने धार्मिक गीतों के साथ मुख्यमंत्री के स्वागत में अन्य लोकप्रिय गीत भी बजाए। मंच के आसपास माहौल में भक्ति, उत्साह और जयघोष एक साथ सुनाई देता रहा।
सिविल ड्रेस में भी तैनात रही पुलिस
पुष्पवर्षा के दौरान नेशनल हाईवे के दोनों तरफ बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे। एक ओर यातायात चलता रहा, जबकि दूसरी ओर कांवड़िए मंच के सामने से गुजरते रहे।
भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कई पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी व्यवस्था संभालते नजर आए।
CM योगी ने खुद बढ़ाया कांवड़ियों का उत्साह
मंच के सामने से गुजरने वाले कई कांवड़ यात्री मुख्यमंत्री के सामने कुछ देर रुकना चाहते थे। बड़ी कांवड़ें भी इसी रास्ते से गुजर रही थीं। हालांकि, यातायात बाधित न हो, इसका भी ध्यान रखा गया।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और आगे बढ़ने का इशारा किया। इसके बाद शिवभक्त भी मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए जयघोष और उत्साह के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।
पुष्पवर्षा में NDA के सहयोगी दलों की भी मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ NDA के घटक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। पुष्पवर्षा के दौरान जनप्रतिनिधि बारी-बारी से मुख्यमंत्री के साथ शामिल हुए।
इसी दौरान मुख्यमंत्री की नजर रालोद के बिजनौर सांसद चंदन चौहान और बागपत सांसद राजकुमार सांगवान पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने दोनों सांसदों को अपने पास बुलाया और उनके साथ भी कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
मेरठ में हुआ यह पूरा आयोजन कांवड़ियों के लिए केवल स्वागत का कार्यक्रम नहीं रहा। तपती सड़क पर लंबी दूरी तय कर रहे शिवभक्तों के लिए आसमान से बरसते फूल उस मेहनत और आस्था के प्रतीक बन गए, जिसे वे गंगाजल लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए निकले हैं।










