लखनऊ/31 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिजली बिलों में गड़बड़ी, मीटर संबंधी दिक्कतों और अन्य तकनीकी शिकायतों के समाधान के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में बिजली उपभोक्ता समाधान कैंप आयोजित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इन विशेष कैंपों का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बिल संशोधन से लेकर स्मार्ट ऐप तक, एक ही जगह मिलेगी सुविधा
बिजली उपभोक्ता समाधान कैंप में बिजली बिल संशोधन, खराब मीटर बदलने, टैरिफ परिवर्तन, विद्युत भार बढ़ाने, नए बिजली कनेक्शन, श्रेणी (विधा) परिवर्तन, मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से जुड़ी समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया जाएगा। उपभोक्ताओं को स्मार्ट ऐप डाउनलोड करने और उसके उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि भविष्य में वे कई सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकें।
1912 हेल्पलाइन और व्हाट्सएप से भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत
जो उपभोक्ता कैंप तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे अपनी शिकायत टोल फ्री नंबर 1912 या यूपीपीसीएल के व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से भी दर्ज करा सकेंगे।
यूपीपीसीएल ने निर्देश दिए हैं कि कैंप में आने वाली प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्प डेस्क पर अनिवार्य रूप से किया जाएगा, जिससे शिकायतों की निगरानी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
इन कार्यालयों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप
विशेष बिजली उपभोक्ता समाधान कैंप खंडीय कार्यालय, उपखंडीय कार्यालय, सहायक अभियंता (वितरण/वाणिज्य) तथा अधिशासी अभियंता (वितरण/वाणिज्य) के कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।
पूरे अभियान की निगरानी के लिए संबंधित क्षेत्रों के अधीक्षण अभियंता (वितरण/वाणिज्य) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, कैंपों में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रतिदिन समीक्षा भी की जाएगी।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सरकार की प्राथमिकता
अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से पूरे अगस्त महीने विशेष समाधान कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बिल संशोधन से जुड़े मामलों में बिल रिवीजन इंफॉर्मेशन मेमो के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया जवाबदेह और पारदर्शी बनी रहे।
उपभोक्ताओं की सुविधा का भी रखा जाएगा पूरा ध्यान
यूपीपीसीएल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कैंपों में आने वाले उपभोक्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपडेट करने की सुविधा भी मौके पर दी जाएगी, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को बिजली सेवाओं से जुड़ी सभी सूचनाएं समय पर मिल सकें।
पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार ने कैंपों के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।










