लखनऊ (26 नवंबर 2026)। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संविधान के नाम पर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। लाल किताब लेकर लोगों के बीच गलत संदेश देने की कोशिश की जा रही है। ऐसे लोगों से देशवासियों को सतर्क रहने की जरूरत है।
गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में निहित नहीं है, बल्कि देश के आम नागरिक में बसती है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को यह अधिकार और दायित्व दिया है कि वह देश की संप्रभुता, लोकतंत्र और संवैधानिक गरिमा का संरक्षक बने। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है या वही देश का संरक्षक है।
संविधान दिवस पर सीएम योगी बोले- संविधान 145 करोड़ भारतीयों का गौरव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का संविधान हम सभी का गौरव है और 145 करोड़ देशवासियों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है। यह केवल नागरिकों को उनके अधिकारों की जानकारी नहीं देता, बल्कि उनके कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था, जिसमें भारत के राजनीतिक भविष्य का निर्धारण स्वयं भारतवासियों द्वारा किए जाने की बात कही गई थी। इसी भावना के साथ संविधान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान की एक बड़ी विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना जाति, क्षेत्र, भाषा और लैंगिक भेदभाव के मतदान का अधिकार मिला। दुनिया के कई देशों में लोकतंत्र की बातें तो की जाती थीं, लेकिन वहां लंबे समय तक रंगभेद और लिंगभेद के आधार पर नागरिकों को समान अधिकार नहीं दिए गए। भारत ने शुरुआत से ही सभी वयस्क नागरिकों को मताधिकार देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव रखी।
संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सतर्क: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग संविधान के नाम पर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। लाल पुस्तिका लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन लोगों ने वास्तव में संविधान पढ़ा होता तो शायद भारत की संप्रभुता का संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि जब इन लोगों को सत्ता में रहने का अवसर मिला, तब उन्होंने संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास किया। आजादी के तत्काल बाद किए गए पहले संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के उद्देश्य से यह संशोधन किया गया था।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर राजनीतिक स्वार्थों के लिए संविधान में संशोधन किए गए। इतना ही नहीं, संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी कठघरे में खड़ा करने की कोशिश हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के नागरिकों को ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहना होगा। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर की उपेक्षा की, सपा पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें कभी भारत रत्न नहीं मिलने दिया। उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के प्रयास किए गए और चुनाव हराने के लिए भी कई तरह के षड्यंत्र रचे गए।
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने महापुरुषों के सम्मान की अनदेखी की। सपा सरकार के कार्यकाल में कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया गया था। उन्होंने बताया कि असीम अरुण के पत्र लिखने के बाद प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर रखा।
इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किए जाने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके योगदान को याद रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने से होता है।
महाराज सुहेलदेव से लेकर राजा महेंद्र प्रताप सिंह तक का किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने महाराज सुहेलदेव और राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने करीब एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की रक्षा की थी, लेकिन लंबे समय तक उनके नाम पर कोई स्मारक नहीं बनाया गया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनवाया गया। इसके अलावा बहराइच मेडिकल कॉलेज और आजमगढ़ के नए मेडिकल कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा गया।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन किया था। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए अलीगढ़ में उनके नाम पर राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिकों के कर्तव्यों पर जोर दिया। साथ ही विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान के नाम पर जनता को गुमराह करने वालों के प्रयासों से देश को सतर्क रहने की आवश्यकता है।







