लखनऊ (26 नवंबर 2026)। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को सम्मान देने के बजाय उन्हें संसद पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। वहीं, समाजवादी पार्टी की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि संविधान की मूल भावना को कमजोर करने वाले आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं का भी सम्मान है।
सीएम योगी बोले- कांग्रेस ने बाबा साहेब को नहीं दिया भारत रत्न
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न नहीं दिया और संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए भी प्रयास किए गए। चुनाव हराने के लिए भी कई तरह के षड्यंत्र किए गए।
उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद इस नाम को फिर से बहाल किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया। इसी तरह महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में भव्य स्मारक बनाया गया और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया गया। राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में विश्वविद्यालय स्थापित करने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
संविधान की मूल प्रति में भगवान राम-कृष्ण और महात्मा बुद्ध के चित्र
मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारतीय इतिहास एवं संस्कृति से जुड़े महत्वपूर्ण चित्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के 55 सदस्य थे, जिनमें 11 महिलाएं शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों का भी प्रतिनिधित्व करता है।
सपा सरकार पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था। पेपर लीक, नकल, सरकारी नौकरियों में वसूली और गरीबों को कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रखने जैसी समस्याएं भी सामने आती थीं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक न्याय के साथ-साथ प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
केशव मौर्य बोले- बाबा साहेब के अपमान पर मुस्कुराते रहे अखिलेश
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब आजम खान ने बाबा साहेब आंबेडकर को भूमाफिया कहा था, तब अखिलेश यादव वहीं मौजूद थे और मुस्कुरा रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के डीएनए को संविधान विरोधी बताया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल बाबा साहेब का नाम लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके सिद्धांतों का पालन नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने, वोट बैंक की राजनीति और तुष्टीकरण के लिए संविधान में संशोधन किए।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उस दौरान पूरे देश को जेलखाना बना दिया था। वहीं, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बाबा साहेब सहित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की पहल की है।
3,955 मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण, संविधान दिवस पर हुए आयोजन
संविधान दिवस समारोह के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया गया। सरकार की इस पहल के तहत महापुरुषों की प्रतिमाओं से जुड़े स्थलों को बेहतर बनाने और उनके संरक्षण पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान दिवस पर लघु फिल्म के प्रदर्शन से हुई। इसके अलावा वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान की उद्देशिका का पाठ किया और सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर एमएलसी महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







