राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

CM योगी का युवाओं को संदेश: ड्रग और स्मार्टफोन के नशे से दूर रहें, खेल से बनेगा स्वस्थ भारत

On: August 18, 2026
Follow Us:
CM योगी का युवाओं को संदेश, ड्रग और स्मार्टफोन के नशे से दूर रहें
---Advertisement---

गोरखपुर/18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को नशे और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर आगाह करते हुए खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री ने ड्रग्स के साथ स्मार्टफोन की लत को भी युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती बताया।

मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रदेशस्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

CM योगी ने कहा- ड्रग और स्मार्टफोन दोनों के नशे से बचें

CM योगी ने कहा कि वर्तमान समय में दो तरह के नशे युवा पीढ़ी के जीवन को प्रभावित कर रहे हैं। एक ओर ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों का जाल है, तो दूसरी तरफ स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल की आदत भी चिंता का विषय बन रही है।

उन्होंने कहा कि खेल और खेलकूद की गतिविधियों से जितने अधिक युवा जुड़ेंगे, उतना ही वे नशे से दूर रहेंगे। मुख्यमंत्री ने ड्रग माफिया पर निशाना साधते हुए कहा कि नशे का कारोबार करने वाले लोग युवा पीढ़ी को अपने जाल में फंसाकर देश को कमजोर करना चाहते हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ समाज को मिलकर लड़ाई लड़नी होगी।

स्मार्टफोन पर समय को लेकर युवाओं को दी सलाह

मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्मार्टफोन के इस्तेमाल को लेकर आत्मनियंत्रण बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर बिताए जाने वाले समय का बड़ा हिस्सा उपयोगी नहीं होता। अगर युवा अपने रोजमर्रा के समय में से कुछ घंटे बचाकर केवल एक घंटा भी शरीर और व्यायाम के लिए दे दें तो इसका सीधा लाभ स्वास्थ्य पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि शरीर स्वस्थ होगा तो मस्तिष्क भी स्वस्थ रहेगा और स्वस्थ मस्तिष्क ही देश को मजबूत बनाने में बेहतर योगदान दे सकता है। इससे मानसिक तनाव कम करने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी बढ़ेगी।

पिछले 10-12 वर्षों में बदली देश की खेल संस्कृति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में भारत की खेल संस्कृति में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद और विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा ग्रामीण स्तर की लीग के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं।

उन्होंने हालिया राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार भारत के खिलाड़ी पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहे और देश के लिए पदक जीते। उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें से तीन खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।

हर गांव में खेल मैदान और हर जिले में स्टेडियम का लक्ष्य

CM योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक इकोसिस्टम तैयार करने पर काम किया है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में खेल मैदान और ओपन जिम उपलब्ध हों। इसके साथ ही हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में स्टेडियम विकसित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि हर कमिश्नरी स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज और प्रत्येक स्पोर्ट्स कॉलेज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की भूमिका समझाते हुए कहा कि किसी एक खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। पुराने और अनुभवी खिलाड़ियों को कोच के रूप में जोड़कर नई प्रतिभाओं को तैयार किया जा सकता है। सरकार इसी तरह का खेल इकोसिस्टम विकसित करने की कोशिश कर रही है।

मेरठ में बनी मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले कोई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी नहीं थी। उनकी सरकार ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित की है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रम शुरू हो चुके हैं और नई खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। यहां खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

खिलाड़ी के लिए आत्म-अनुशासन सबसे पहला नियम

कुश्ती प्रतियोगिता के मंच से मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को अनुशासन का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए पहला नियम आत्म-अनुशासन और आत्म-संयम है।

उन्होंने पहलवानों की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि जब पहलवान अखाड़े में उतरता है तो वह अपने कोच या उस्ताद को प्रणाम करके शुरुआत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने दौर के खिलाड़ियों के पास संसाधन और प्रोत्साहन सीमित थे। यदि उन्हें भी पर्याप्त सुविधाएं मिलतीं तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम और ऊंचा कर सकते थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय पहलवानों की परंपरा सात्विक जीवन और बजरंगबली की भक्ति से भी जुड़ी रही है।

CM योगी ने दी नागपंचमी और सावन के सोमवार की बधाई

मुख्यमंत्री ने नागपंचमी और सावन माह के तीसरे सोमवार की प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने नागपंचमी के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राचीन भारतीय परंपरा में शक्ति और सामर्थ्य को अलग-अलग प्रतीकों के माध्यम से समझा गया है।

उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक जगत में शक्ति की जिस आधारशिला को ऋषि-मुनियों ने देखा, उसे लौकिक जीवन में नाग पंचमी पर नाग देवता की उपासना के माध्यम से भी अभिव्यक्त किया जाता है।

खेल और खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक काम हुए: गिरीश यादव

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शिक्षा, चिकित्सा और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए उत्तर प्रदेश में रोजगार की गारंटी है। समारोह को कुशीनगर के सांसद विजय दूबे ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, डॉ. विभ्राट चंद कौशिक, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई और खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now