नई दिल्ली (सोमवार, 5 अक्टूबर 2026): दिल्ली में अक्टूबर की शुरुआत इस बार गर्मी और प्रदूषण, दोनों के लिहाज से राहत देने वाली नहीं रही। महीने के शुरुआती दिनों में ही अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। शनिवार को पारा 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले दो वर्षों में अक्टूबर का सबसे गर्म दिन रहा। रविवार को भी अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक है।
इसी के साथ दिल्ली का AQI भी इस सीजन के अब तक के सबसे खराब स्तर पर पहुंच गया। रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 187 दर्ज किया गया, जो मॉडरेट श्रेणी के ऊपरी स्तर पर रहा। दिन के दौरान राजधानी के कम से कम 19 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
पिछले दो साल के मुकाबले ज्यादा तप रही दिल्ली
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल अक्टूबर की शुरुआत में तापमान ने लगातार ऊंचा स्तर बनाए रखा। 1 और 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान क्रमशः 35.2 और 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके मुकाबले अक्टूबर 2025 में पूरे महीने का सबसे अधिक तापमान 2 अक्टूबर को 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। खास बात यह है कि पिछले साल अक्टूबर में सिर्फ एक दिन तापमान 35 डिग्री के पार गया था।
ऐतिहासिक आंकड़े भी बताते हैं कि अक्टूबर की शुरुआत में दिल्ली में गर्मी कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार शुरुआती दिनों में लगातार ऊंचा तापमान चिंता बढ़ा रहा है। अक्टूबर 2024 में 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, 2023 में 10 अक्टूबर को 35.7 डिग्री और 2022 में 3 अक्टूबर को 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
क्यों बढ़ रही है अक्टूबर में गर्मी?
मौसम वैज्ञानिक कृष्ण मिश्रा के मुताबिक पिछले करीब 15 दिनों से आसमान साफ है और बारिश नहीं हुई है। लगातार तेज धूप और बारिश की कमी का सीधा असर दिन के तापमान पर पड़ रहा है। यही वजह है कि अक्टूबर शुरू होने के बावजूद राजधानी में गर्मी का असर कम नहीं हुआ है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली शुष्क हवाएं भी तापमान बढ़ाने में भूमिका निभा रही हैं। इससे वातावरण में नमी कम बनी हुई है और दिन के समय धूप का असर अधिक महसूस हो रहा है।
इससे पहले 5 से 7 सितंबर के बीच दिल्ली में तेज बारिश हुई थी। मानसून की विदाई के बाद 27 सितंबर को केवल हल्की फुहारें देखने को मिलीं। इसके बाद मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रहा।
6 अक्टूबर से दिल्ली को मिल सकती है गर्मी से राहत
दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 अक्टूबर से हवाओं की दिशा में बदलाव हो सकता है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है।
इसके असर से 6 से 9 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार को इसमें कमी आने के साथ पारा 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मंगलवार को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद बुधवार तक अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास आने का अनुमान है।
रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर
सिर्फ दिन ही नहीं, रात का मौसम भी अभी पूरी तरह अक्टूबर वाली ठंड का एहसास नहीं करा रहा है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा। इससे एक दिन पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस था।
पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री और मंगलवार को 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। यानी अगले कुछ दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में भी धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं।
दिल्ली में ठंड कब दस्तक देगी?
फिलहाल मौसम का मिजाज यह संकेत दे रहा है कि दिल्ली में ठंड की शुरुआत तत्काल होने के बजाय धीरे-धीरे होगी। पहले तापमान में गिरावट आएगी, फिर रातों में ठंडक बढ़ेगी। 6 अक्टूबर के बाद संभावित बारिश और हवाओं की दिशा में बदलाव से मौसम कुछ सुहाना हो सकता है, लेकिन नवंबर जैसी ठंड के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
वहीं, दिल्ली का AQI आने वाले दिनों में भी निगरानी का विषय बना रहेगा। मौसम में हवा की गति कम होने और वातावरण में प्रदूषक तत्वों के ठहराव की स्थिति बनने पर वायु गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में अक्टूबर की गर्मी से राहत मिलने के बावजूद राजधानी के सामने साफ हवा की चुनौती बनी रह सकती है।













