नई दिल्ली/14 नवंबर 2026: देश में E20 पेट्रोल की गुणवत्ता और उसमें एथेनॉल की मात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी के मुताबिक, देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए E20 पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानक के अनुरूप मिली है। जांच में प्रत्येक नमूने में एथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत के बीच पाई गई।
BPCL ने शुक्रवार को जारी स्पष्टीकरण में बताया कि यह गुणवत्ता जांच तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी (CHT) के समन्वय से कराई थी। इस पूरी प्रक्रिया में BPCL ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कंपनी की ओर से कुल 280 नमूनों का परीक्षण किया गया।
E20 पेट्रोल की गुणवत्ता जांच में सभी नमूने पास
कंपनी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब इंटरनेट मीडिया पर E20 पेट्रोल में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। BPCL ने स्पष्ट किया कि जांच में शामिल सभी 893 नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं। इनमें एथेनॉल की मात्रा तय सीमा यानी 19 से 21 प्रतिशत के भीतर दर्ज की गई।
दरअसल, यह पूरा मामला कर्नाटक के एक पेट्रोल पंप पर आयोजित उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किए गए एथेनॉल पृथक्करण परीक्षण की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद चर्चा में आया था। तस्वीर में पेट्रोल और पानी के मिश्रण का स्वरूप देखकर कुछ लोगों ने ई20 ईंधन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
पानी मिलाने पर E20 पेट्रोल का दूधिया दिखना सामान्य
BPCL ने परीक्षण की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि एथेनॉल की मात्रा जांचने के लिए 100 मिलीलीटर E20 पेट्रोल में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है। इस प्रक्रिया के दौरान पानी एथेनॉल को अपने साथ खींच लेता है, जिससे एथेनॉल और पेट्रोल की अलग-अलग परतें बनने लगती हैं।
कंपनी के अनुसार, परीक्षण के शुरुआती चरण में मिश्रण का धुंधला या दूधिया दिखाई देना सामान्य बात है। ऐसा होने का मतलब यह नहीं है कि ईंधन की गुणवत्ता खराब है। दोनों परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है। इसके बाद ही परीक्षण के अंतिम परिणाम का आकलन किया जाता है।
अधूरे परीक्षण की तस्वीर से पैदा हुई थी गलतफहमी
BPCL ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीर परीक्षण पूरा होने से पहले साझा की गई थी। उसमें अंतिम परिणाम के बजाय परीक्षण की शुरुआती अवस्था दिखाई दे रही थी। संबंधित अधिकारी ने लोगों के बीच गलतफहमी पैदा होने की आशंका के चलते उस पोस्ट को हटा दिया था।
कंपनी ने यह भी बताया कि संबंधित पेट्रोल पंप से लिए गए नमूने की जांच में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। इस तरह शुरुआती तस्वीर के आधार पर ईंधन की गुणवत्ता पर उठाए गए सवालों को कंपनी ने भ्रामक बताया।
BIS के मानकों के अनुसार होती है E20 ईंधन की निगरानी
BPCL के मुताबिक, उसके पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध E20 ईंधन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के IS 17021 मानकों के अनुसार की जाती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ईंधन की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित अधूरी तस्वीरों या वीडियो के आधार पर निष्कर्ष न निकालें।
कंपनी का कहना है कि ईंधन की गुणवत्ता का आकलन प्रमाणित जांच प्रक्रिया और उसके अंतिम परिणामों के आधार पर ही किया जाना चाहिए।










