गोरखपुर, 16 मई 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग के किनारे ताल नदोर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। 393 करोड़ रुपये की लागत से 46 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह स्टेडियम पूर्वांचल के खेल ढांचे को नई पहचान देने वाला माना जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के पास ही 60 एकड़ में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की भी घोषणा की।
शिलान्यास समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि आज दुनिया पेट्रोलियम संकट से जूझ रही है, लेकिन भारत सरकार लगातार लोगों तक पेट्रोल और डीजल पहुंचा रही है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के कुशल प्रबंधन को दिया।
गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से बदलेंगे पूर्वांचल के खेल हालात
मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हॉकी सहित कई आउटडोर और इंडोर खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। होटल, रेस्त्रां, मार्केट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम निर्माण के लिए CSR फंड से 100 करोड़ रुपये का सहयोग देने पर Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum समेत पेट्रोलियम कंपनियों का आभार भी जताया।
“सरकारी जमीन का उपयोग लोककल्याण के लिए होना चाहिए”
ताल नदोर क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष पहले तक यह इलाका उपेक्षित और बंजर माना जाता था। यहां अवैध कब्जे की समस्या भी थी, लेकिन अब सरकार ने जमीन को कब्जामुक्त कर युवाओं के भविष्य के लिए उपयोग करना शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास उपलब्ध भूमि का उपयोग जनकल्याण के लिए होना चाहिए। इसी सोच के तहत इस क्षेत्र में पशु चिकित्सा महाविद्यालय भी स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के सपनों को साकार करने वाला बड़ा उपहार बताया।
“जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले जनता के हितैषी नहीं”
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटते हैं, वे जनता के सच्चे हितैषी नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा कि जब ऐसे लोगों को सत्ता मिली, तब गुंडागर्दी, अराजकता और परिवारवाद को बढ़ावा मिला। जबकि वर्तमान डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण, कानून-व्यवस्था और रोजगार सृजन पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को “माफियामुक्त, दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त और गुंडामुक्त” बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं, जिसके कारण राज्य तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
खिलाड़ियों को नौकरी, 500 नई भर्तियों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब तक 534 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिए सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ओलिंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय, क्रिकेटर दीप्ति शर्मा और एथलीट पारुल चौधरी समेत कई खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी जैसे पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मान, सुरक्षा और स्थायी भविष्य देना है।










