लखनऊ/25 नवंबर 2026: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को अब हवाई सफर के साथ साहित्य से जुड़ने का भी नया अवसर मिलेगा। एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, नेतृत्व, विचारों और सुशासन पर आधारित पुस्तकों का विशेष संग्रह उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए बुधवार को आगमन हॉल में ‘कर्मयोगी बुकस्टोर’ का उद्घाटन किया गया। यहां आने वाले यात्री और आगंतुक अपनी रुचि के अनुसार इन पुस्तकों को देख और खरीद सकेंगे।
लखनऊ एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर खुला कर्मयोगी बुकस्टोर
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 स्थित आगमन हॉल में गेट नंबर-2 के पास बनाए गए कर्मयोगी बुकस्टोर का शुभारंभ लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी (CAO) दर्शन सिंह ने किया।
इस बुकस्टोर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, उनकी नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शी सोच, विचारों और शासन व्यवस्था पर आधारित विभिन्न प्रतिष्ठित लेखकों की पुस्तकें रखी गई हैं। इस विशेष संग्रह के जरिए यात्रियों को समकालीन भारत के नेतृत्व और देश की विकास यात्रा से जुड़े साहित्य को पढ़ने का अवसर मिलेगा।
यात्रियों को मिलेगी भारत की विकास यात्रा से जुड़ी किताबें
एयरपोर्ट प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल यात्रियों को पुस्तकें उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें देश के नेतृत्व, विकास और बदलाव से जुड़े विभिन्न विचारों और साहित्यिक कृतियों से परिचित कराना भी है।
हवाई अड्डों पर यात्रियों को अक्सर उड़ान से पहले या आगमन के बाद कुछ समय बिताना पड़ता है। ऐसे में बुकस्टोर उनके लिए पढ़ने और अपनी पसंद की किताब चुनने का एक अतिरिक्त विकल्प बनेगा।
लखनऊ एयरपोर्ट के प्रवक्ता के अनुसार, कर्मयोगी बुकस्टोर यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। यात्री टर्मिनल-3 के आगमन हॉल में गेट नंबर-2 के पास पहुंचकर इस पुस्तक संग्रह का लाभ उठा सकते हैं।









