लखनऊ/25 नवंबर 2026: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीक के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच उत्तर प्रदेश सरकार साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। सरकारी विभागों के डेटा, डिजिटल प्लेटफॉर्म और महत्वपूर्ण तकनीकी प्रणालियों को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने के लिए लखनऊ में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें शासन-प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित इस पहल में डिजिटल सुरक्षा के साथ डेटा की निजता, जवाबदेही और तकनीकी आत्मनिर्भरता पर भी जोर दिया गया।
सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा पर विशेष जोर
उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी की पहल पर यह कार्यशाला गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई।
इसमें सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (DSCI) और सिस्को ने सहयोगी संस्थाओं के रूप में भाग लिया।
कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करना तथा साइबर हमलों से निपटने की संस्थागत क्षमता विकसित करना रहा। विशेषज्ञों ने इस बात पर भी विचार किया कि बदलती तकनीक के साथ प्रदेश का साइबर सुरक्षा तंत्र किस तरह अधिक सक्षम बनाया जाए।
चर्चा के दौरान AI आधारित साइबर खतरे, क्वांटम कंप्यूटिंग के दौर में संभावित सुरक्षा कमजोरियां, डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और साइबर घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन जैसे विषय प्रमुखता से उठे।
दो हजार करोड़ के यूपी AI मिशन से युवाओं को मिलेगा अवसर
उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि मजबूत और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 2,000 करोड़ रुपये के यूपी AI मिशन को मंजूरी दी है।
इस मिशन के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किया जाएगा। बच्चों के पोषण की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में AI आधारित तकनीक के उपयोग और युवाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।
उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थानों से मिशन के तहत अपने प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया।
क्वांटम कंप्यूटिंग को लेकर उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार IIT कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। वहीं, यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण, डेटा सेंटर के विस्तार और सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं प्रशिक्षण योजना के तहत निजी कंपनियों को कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने की जानकारी भी दी गई।
सरकारी योजनाओं में डेटा की शुद्धता और नागरिकों की निजता जरूरी
महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि किसी भी तकनीक की सफलता इस बात से तय होनी चाहिए कि वह आम नागरिक का जीवन कितना आसान और सुरक्षित बनाती है। सरकारी सेवाओं में AI का इस्तेमाल बढ़ाते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि संवेदनशील विभागों में डेटा की एक गलत प्रविष्टि किसी बच्चे को जरूरी पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है। इसी तरह उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक होने से उसकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता भी उतनी ही आवश्यक है।
AI के साथ मानवीय निर्णय और जवाबदेही भी जरूरी
राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल करते समय मानवीय अनुभव और समझ को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। करदाताओं से बेहतर संवाद और ‘विभाग आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए उन्हें प्रशासनिक प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
वहीं, पैनल चर्चा का संचालन करते हुए डॉ. हीरा लाल ने डिजिटल तकनीक में विश्वास, सुरक्षा और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने अमेरिका में एयरलाइंस और बैंकों पर हुए साइबर हमलों का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देश भी साइबर खतरों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि, इन खतरों के कारण डिजिटल तकनीक से दूरी बनाना भी विकास की गति को प्रभावित कर सकता है।
यूपी एटीएस के डीआईजी अभिषेक यादव ने कहा कि फर्जी डिजिटल पहचान और सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी एजेंसियों को आधुनिक तकनीक अपनानी होगी। AI लाखों डेटा का विश्लेषण कर जांच और कानून प्रवर्तन में मददगार साबित हो सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय मानव अधिकारी को ही लेना चाहिए।
उन्होंने यातायात प्रबंधन में भी AI आधारित रियल टाइम डेटा विश्लेषण की उपयोगिता बताई।
सरकारी अस्पतालों और बैंकों में नियमित साइबर सुरक्षा ऑडिट की जरूरत
कार्यशाला में कर्नल शिखा मेहरोत्रा ने सरकारी अस्पतालों, बैंकों और सार्वजनिक कार्यालयों में सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच कराने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि साइबर हमले की आशंका सामने आने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही सुरक्षा तैयारियां मजबूत होनी चाहिए।
सिस्को इंडिया एवं दक्षिण एशिया के सीटीओ सिक्योरिटी और निदेशक संदीप अग्रवाल ने AI को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में फोर्स मल्टीप्लायर बताया। उन्होंने कहा कि मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था के लिए आइडेंटिटी एवं एक्सेस मैनेजमेंट, सेगमेंटेशन और विजिबिलिटी तीन प्रमुख स्तंभ हैं।
उनके मुताबिक, AI तकनीकी कमजोरियों की पहचान करने और साइबर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने रखे सुझाव
कार्यशाला के विशेष पैनल में प्रदेश के विभिन्न विभागों और संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए। इनमें श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल, एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव, यूपी डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राणा और उत्तर प्रदेश वन निगम के अपर प्रबंध निदेशक डॉ. सुजॉय बनर्जी शामिल रहे।
इसके अलावा आयकर आयुक्त (अपील), लखनऊ डॉ. नील जैन, डीआरआई लखनऊ जोन के एडीजी डॉ. विद्युत विकास, 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के कमांडेंट अमित कुमार, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के निदेशक कर्नल (डॉ.) प्रवीण कुमार सिंह, डीएससीआई के अतुल कुमार और आईआईटी इलाहाबाद के प्रो. वृजेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।
कार्यशाला में सामने आए सुझावों का मुख्य जोर प्रदेश की डिजिटल व्यवस्था को सुरक्षित, जवाबदेह और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने पर रहा। सरकारी सेवाओं में डिजिटल तकनीक का दायरा बढ़ने के साथ डेटा की सुरक्षा और नागरिकों की निजता का महत्व भी बढ़ गया है। ऐसे में साइबर सुरक्षा को मजबूत करना उत्तर प्रदेश के डिजिटल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण जरूरत बन गया है।









