लखनऊ|10 जून 2026: मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व को राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में उत्तर प्रदेश ने विकास, बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है।
प्रधानमंत्री मोदी को भेजे गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।
मोदी सरकार के 12 साल में यूपी को मिला विकास और विरासत का संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था के अनूठे संगम के रूप में उभरा है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार जैसे कार्यों ने न केवल धार्मिक महत्व को बढ़ाया है, बल्कि सांस्कृतिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं ने देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित किया है, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
करोड़ों लोगों तक पहुंचीं जनकल्याणकारी योजनाएं
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। उनके अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन के तहत उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति में व्यापक सुधार आया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 65 लाख परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना से करीब 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। वहीं, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को निश्शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिलाओं और किसानों को मिला बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जरिए प्रदेश की 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है और उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा फसल बीमा, सिंचाई परियोजनाओं और मृदा हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं ने कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के साथ किसानों की आय और उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी बढ़े अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिशन रोजगार के अंतर्गत नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। वहीं, कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि एमएसएमई, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी), स्टार्टअप और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के जरिए तीन करोड़ से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों और उद्यमिता को नई गति मिली है।
एक्सप्रेसवे से मेट्रो तक, बदली यूपी की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार को भी मोदी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क, नमो भारत परियोजना, वंदे भारत ट्रेनों, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, इनलैंड वाटर-वे, मेट्रो रेल परियोजनाओं और आधुनिक हवाई अड्डों ने उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उनके अनुसार, बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क का सीधा लाभ निवेश, व्यापार और रोजगार को मिला है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिली है।
कानून-व्यवस्था पर भी सरकार का जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉ’ की स्थापना हुई है और निवेश व विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सुशासन, सुरक्षा और विकास के समन्वय ने उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया है।











