04 जून 2026|लखनऊ: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 5 जून से 21 जून तक व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गांवों तक पहुंचकर सीधे जनता से संवाद करेंगे। चौपाल, पदयात्रा, जनसंवाद और रात्रि प्रवास जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों की समस्याएं भी सुनी जाएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कानून-व्यवस्था, आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
गांवों में रात्रि चौपाल और जनसंवाद पर रहेगा विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन किया जाए, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांवों में रात्रि प्रवास कर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें। इससे सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन भी किया जा सकेगा।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य इस अभियान के जरिए सरकार और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाना है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष तैयारी करने को कहा। उन्होंने प्रदेशभर में कम से कम पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है।
14 से 16 जून तक लगेंगे जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 से 16 जून के बीच विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों में पात्र और वंचित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।
सरकार का प्रयास है कि जिन लोगों तक अब तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है, उन्हें अभियान के दौरान चिन्हित कर लाभान्वित किया जाए। स्वास्थ्य मेलों में चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
स्वच्छता अभियान को भी मिलेगा विशेष बल
जनभागीदारी अभियान के दौरान प्रदेशभर में स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए और जनसहभागिता बढ़ाई जाए।
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सतर्क रहने के निर्देश
बैठक में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक ने जानकारी दी कि आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य परिवहन निगम द्वारा विशेष बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। इस भर्ती परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
प्रदेश सरकार का मानना है कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह जनभागीदारी अभियान न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएगा, बल्कि लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यक्रमों को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।










