अयोध्या, 10 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में प्रदेश के पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने मुन्ना सिंह चौहान के सार्वजनिक जीवन, किसानों के प्रति उनके समर्पण और विकास कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने साधारण परिवार से निकलकर संघर्ष के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई और प्रदेश की सेवा को अपना जीवन समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है, जिन्होंने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी।
बीकापुर के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुन्ना सिंह चौहान प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान के अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र अमित सिंह चौहान क्षेत्र की समस्याओं को लगातार सरकार तक पहुंचाते हैं और राज्य सरकार हर संभव समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करती है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बीकापुर के विकास के लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
महापुरुषों की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महापुरुषों और वीर-वीरांगनाओं की वेशभूषा में आए बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के साथ हंसी-मजाक करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
एक रोचक क्षण तब आया जब मुख्यमंत्री ने भगत सिंह की वेशभूषा में मौजूद एक बच्चे के हाथ में रखा सेब दिखाकर मुस्कुराते हुए पूछा, “यह आलू है क्या?” इस पर बच्चों ने तुरंत जवाब दिया, “नहीं, यह सेब है।” मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट और उपहार भी वितरित किए तथा उनमें देशभक्ति और संस्कारों के प्रति उत्साह बढ़ाने की बात कही।
नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन, परिवारों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने बच्चों को गोद में लेकर चंदन लगाया और उन्हें स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न वर्गों के परिवारों से मुलाकात की तथा बच्चों को खिलौने भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भगवान शिव के मंदिर में किया दर्शन-पूजन
अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान शिव के मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए राज्य के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक, टूलकिट, आवास की चाबी और अन्य सहायता सामग्री वितरित की।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अनुराधा दुबे और अंजू को 11 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता का चेक प्रदान किया गया। विद्युत सखी योजना के अंतर्गत वर्षा को थर्मल प्रिंटर दिया गया, जबकि किरण और पूजा सिंह को विद्याशक्ति किट उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा अनिता पाल को बैंक सखी प्रमाणपत्र, सोनी मौर्या और पिंकी को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अवनीश मिश्र को 4.18 लाख रुपये तथा अमित गौतम को 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। वहीं पीएम सूर्य घर योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, उर्वरा वर्मी कम्पोस्ट योजना और आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
विकास और जनकल्याण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।










