लखनऊ, शनिवार, 21 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आने वाला समय केवल कागजी डिग्रियों का नहीं, बल्कि वास्तविक हुनर और कौशल का होगा। अब समाज में उन युवाओं की कद्र बढ़ेगी, जिनके पास काम करने की क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान है। आईआईटी और आईटीआई को देश की समान रूप से महत्वपूर्ण संपत्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में दोनों की भूमिका अहम है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने और अपने कौशल को लगातार निखारने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं।
प्रधानमंत्री शनिवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कौशल विकास, रोजगार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आधुनिक तकनीक और भारत की वैश्विक कार्यबल में बढ़ती भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा और इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा।
कागजी डिग्री वालों से ज्यादा हुनरमंद युवाओं की होगी कद्र: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में एक समय ऐसा था, जब कागजी प्रमाणपत्र और डिग्रियों को ही योग्यता का सबसे बड़ा पैमाना माना जाता था। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कोट-पैंट और टाई पहनकर कागजी डिग्री लेकर घूमने वालों की तुलना में वास्तविक हुनर रखने वाले युवाओं को अधिक महत्व मिलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई दोनों देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। किसी भी संस्थान में पढ़ाई करने वाले युवाओं को कमतर नहीं समझना चाहिए। देश को इंजीनियरों की जितनी जरूरत है, उतनी ही आवश्यकता कुशल तकनीशियनों, कारीगरों और प्रशिक्षित कामगारों की भी है।
उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, ”आपके सामने इस समय पूरा आसमान है। बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। कभी यह महसूस मत कीजिए कि आप अकेले हैं। जब भी आपको लगेगा कि आप अकेले हैं, आप सोच लेना कि मैं आपके साथ खड़ा हूं।”
पीएसयू में निवेश और सोने की खरीद का जिक्र कर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पहले दिए गए सुझावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में उन्होंने देशवासियों से सरकारी कंपनियों यानी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) में निवेश करने की बात कही थी। उस समय कुछ लोगों ने उनकी सलाह का मजाक भी उड़ाया, लेकिन उनके मुताबिक, जिन लोगों ने इस दिशा में निवेश किया, उन्हें फायदा हुआ।
उन्होंने करीब एक साल पहले सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की अपील का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि देशवासियों ने उनकी बात मानी और कम सोना खरीदा। उन्होंने दावा किया कि बाद में सोने की कीमतों में आई गिरावट से लोगों को बचत का लाभ मिला।
प्रधानमंत्री ने इन उदाहरणों के जरिए कहा कि देशहित में लिए गए फैसलों और सही समय पर की गई आर्थिक समझ से आम लोगों को भी फायदा हो सकता है।
मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने कमजोर किया पारंपरिक कौशल
भारत की पारंपरिक हुनरमंद व्यवस्था का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आक्रांताओं ने देश की समृद्धि को नुकसान पहुंचाने के लिए यहां के कारीगरों और शिल्पकारों की परंपराओं को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले ने ऐसी शिक्षा व्यवस्था लागू की, जिसने पारंपरिक कौशल को पीछे धकेल दिया और क्लर्क तैयार करने वाली मानसिकता को बढ़ावा दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में प्राचीन समय से ही कौशल और हस्तशिल्प की समृद्ध परंपरा रही है। लेकिन धीरे-धीरे समाज में हाथों से काम करने वाले और व्यावहारिक प्रशिक्षण लेने वाले लोगों को कमतर समझने की सोच विकसित हो गई।
उन्होंने आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को लेकर अभिभावकों की मानसिकता बदलने की जरूरत बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि कौशल का सम्मान करना होगा। अलग कौशल विकास मंत्रालय की स्थापना और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से इस दिशा में प्रयास किए गए हैं।
5 हजार नई ITI और 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू
प्रधानमंत्री ने कौशल विकास के क्षेत्र में पिछले वर्षों के दौरान हुए विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद देश में करीब 5,000 नई औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएं (ITI) स्थापित की गई हैं। आईटीआई में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या में पांच लाख से अधिक की वृद्धि हुई है, जबकि छात्राओं की भागीदारी ढाई गुना से ज्यादा बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि अब आईटीआई में केवल पारंपरिक ट्रेड तक प्रशिक्षण सीमित नहीं है। आधुनिक उद्योगों और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं।
इनमें एयरोनॉटिकल स्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट्स और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि युवा भारतीय उद्योगों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप भी खुद को तैयार कर सकें।
आईटीआई के आधुनिकीकरण के लिए पीएम-सेतु (PM-SETU) योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का भी उन्होंने उल्लेख किया। इसके माध्यम से प्रशिक्षण की गुणवत्ता, आधुनिक मशीनों, पाठ्यक्रम और उद्योगों के साथ संस्थानों के जुड़ाव को मजबूत करने का लक्ष्य है।
प्लंबरों की कमी ने बताई देश में कुशल कामगारों की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कौशल विकास की अहमियत समझाने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का उदाहरण दिया। उन्होंने पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े संकट के कारण गैस आपूर्ति पर पैदा हुई अनिश्चितता का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने बताया कि उस समय सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया था। लेकिन समीक्षा बैठकों में सामने आया कि पर्याप्त प्लंबर उपलब्ध नहीं होने के कारण लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत आ रही थी।
उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन और काम उपलब्ध कराने के लिए तैयार थी, लेकिन प्रशिक्षित प्लंबरों की कमी सामने आई। यह उदाहरण बताता है कि देश में कुशल कामगारों की कितनी बड़ी आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोलर पावर, खेल उपकरण निर्माण, फिटनेस और खेल उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि युवा इन संभावनाओं को पहचानें और संबंधित कौशल हासिल करें।
दुनिया को चाहिए भारत के हुनरमंद युवा, भारत बनेगा Skill Capital
प्रधानमंत्री ने अपनी विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत जैसे देशों में भारतीय कारीगरों और कामगारों के कौशल की सराहना होती है। उन्होंने बताया कि कई देशों के साथ हुए समझौतों में कुशल भारतीय मानव संसाधन की मांग भी शामिल है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया को भारत के हुनरमंद युवाओं की जरूरत है। आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर खुल रहे हैं। भारत को दुनिया की स्किल कैपिटल बनाने के लक्ष्य में यही युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि भारत के व्यापार समझौतों और मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) से भी युवाओं के लिए नए वैश्विक अवसर तैयार हो रहे हैं। ऐसे में तकनीकी प्रशिक्षण और व्यावहारिक कौशल का महत्व आने वाले वर्षों में और बढ़ेगा।
AI नहीं छीन पाएगा हुनरमंद युवाओं का रोजगार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल और रोजगार पर उसके संभावित प्रभाव को लेकर प्रधानमंत्री ने युवाओं को खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज एआई को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। लोगों को लगता है कि तकनीक उनके रोजगार छीन सकती है।
पीएम मोदी ने कहा कि जिसके पास वास्तविक कौशल और काम करने की दक्षता है, उसका रोजगार कोई आसानी से नहीं छीन सकता। तकनीक के बदलते दौर में युवाओं को अपने हुनर को लगातार बेहतर बनाना होगा।
उन्होंने कोविड महामारी के समय का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान पूरी दुनिया ने कुशल कामगारों की अहमियत महसूस की थी। भारत भी अब मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर बड़े पैमाने पर मोबाइल फोन का निर्माण करने वाला देश बन चुका है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, विनिर्माण और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता के साथ प्रशिक्षित युवाओं की मांग भी बढ़ेगी।
2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी WorldSkills Asia प्रतियोगिता
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश और देश के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि भारत वर्ष 2027 में वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के युवा हिस्सा लेंगे। इससे भारतीय युवाओं को वैश्विक मंच पर अपनी तकनीकी दक्षता और कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से दुनिया की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य के केंद्र में देश के युवा हैं।
एक्सप्रेसवे से लेकर ब्रह्मोस निर्माण तक, यूपी के विकास का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार हुआ है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बड़े विश्वविद्यालयों, पर्यटन और औद्योगिक परियोजनाओं को भी बढ़ावा मिला है।
उन्होंने मोबाइल फोन निर्माण और सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन की नींद उड़ाई, उसका निर्माण अब उत्तर प्रदेश में भी हो रहा है।
महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी की एक युवती से हुई बातचीत का अनुभव साझा किया। पीएम मोदी ने बताया कि एक फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान युवती ने उन्हें बताया था कि वह रात 11 बजे भी काम से सुरक्षित अपने घर लौट आती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सूर्यास्त के बाद बेटियों का सुरक्षित घर पहुंचना कितना महत्वपूर्ण है, इसे उत्तर प्रदेश के लोग अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के माहौल में आए बदलाव से जोड़कर पेश किया।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।










