नई दिल्ली (मंगलवार, 24 नवंबर 2026)। डिजिटल बैंकिंग ने पैसों के लेनदेन को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है, लेकिन इसके साथ साइबर ठगी के मामले भी तेजी से चिंता का विषय बने हुए हैं। कभी फर्जी लिंक, कभी अनजान कॉल तो कभी बैंक अधिकारी बनकर ठग लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं से ग्राहकों को बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने डिजिटल बैंकिंग सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में दो नए उपायों का प्रस्ताव रखा है।
इनमें ‘स्टॉप स्विच’ (Stop Switch) और ‘ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म’ (Trusted Person Mechanism) शामिल हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ग्राहक को संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही खाते से पैसे बाहर जाने वाले डिजिटल लेनदेन रोकने की सुविधा मिल सकती है। वहीं, बड़ी रकम के ट्रांसफर पर ग्राहक की ओर से चुने गए भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी लेने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।
यह व्यवस्था खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत देने वाली हो सकती है, जो डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन साइबर अपराधियों के नए तरीकों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं।
RBI का Stop Switch क्या है और कैसे करेगा काम?
इसे बैंक खाते का इमरजेंसी ब्रेक कहा जा सकता है। मान लीजिए किसी ग्राहक को अचानक पता चलता है कि उसके बैंक खाते से संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं या उसका मोबाइल बैंकिंग अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ लग गया है। ऐसी स्थिति में वह Stop Switch का इस्तेमाल करके खाते से होने वाले सभी नए ग्राहक-प्रेरित डेबिट (पैसे बाहर जाने वाले लेनदेन) को तुरंत बंद कर सकेगा।
इस सुविधा के सक्रिय होते ही:
- खाते से नए डिजिटल डेबिट ट्रांजैक्शन नहीं किए जा सकेंगे।
- नए पेमेंट मैंडेट और स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन बनाने पर रोक लगेगी।
- नए थर्ड पार्टी UPI ऐप पर खाते का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जा सकेगा।
- खाते में आने वाले पैसे यानी क्रेडिट ट्रांजैक्शन जारी रहेंगे।
हालांकि, एक महत्वपूर्ण बात यह है कि पहले से सक्रिय नियमित भुगतान, कुछ बैंक द्वारा शुरू किए गए डेबिट जैसे लोन की किस्त और बैंक शुल्क इस रोक के दायरे से बाहर रहेंगे। यानी Stop Switch खाते से होने वाले हर प्रकार के भुगतान को नहीं, बल्कि निर्धारित नए आउटगोइंग डेबिट को रोकने के लिए बनाया गया है।
बिना स्मार्टफोन के भी इस्तेमाल कर सकेंगे Stop Switch
आरबीआई के प्रस्ताव के मुताबिक, इस सुविधा को केवल मोबाइल बैंकिंग तक सीमित नहीं रखा जाएगा। बैंक ग्राहकों को मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम, बैंक शाखा और इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स (IVR) यानी कस्टमर केयर की फोन सेवा के माध्यम से भी Stop Switch इस्तेमाल करने की सुविधा देंगे।
इसका फायदा उन ग्राहकों को भी मिलेगा, जो स्मार्टफोन या इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल करने में सहज नहीं हैं। स्विच को दोबारा चालू करने के लिए बैंक को ग्राहक की पहचान और सुरक्षा संबंधी जांच करनी होगी। इसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में अतिरिक्त प्रमाणीकरण और जोखिम के आधार पर कूलिंग पीरियड भी रखा जा सकता है।
Trusted Person Mechanism क्या है? बड़ी रकम भेजने से पहले मिलेगी मंजूरी
Stop Switch के अलावा आरबीआई ने Trusted Person Mechanism (TPM) का भी प्रस्ताव रखा है। इस व्यवस्था में ग्राहक अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति को नामित कर सकेगा। यह व्यक्ति परिवार का सदस्य, रिश्तेदार या कोई अन्य विश्वसनीय व्यक्ति हो सकता है, जिसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
इसका उद्देश्य उन लोगों को अतिरिक्त सुरक्षा देना है, जिन्हें डिजिटल बैंकिंग की ज्यादा जानकारी नहीं है या जो साइबर ठगी के लिहाज से अधिक संवेदनशील हैं।
इस व्यवस्था के तहत ग्राहक खुद तय कर सकेगा कि कितनी रकम से अधिक के ट्रांसफर पर भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होगी। निर्धारित सीमा से अधिक का ट्रांसफर करने पर बैंक नामित व्यक्ति को लेनदेन की जानकारी भेजेगा।
मंजूरी के लिए मिलेगा एक घंटे का समय
- बैंक ट्रस्टेड पर्सन को ट्रांसफर की रकम और लाभार्थी की जानकारी भेजेगा।
- नामित व्यक्ति को मंजूरी देने या अनुरोध अस्वीकार करने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा।
- मंजूरी मिलने के बाद ही संबंधित ट्रांजैक्शन पूरा हो सकेगा।
- यदि ट्रस्टेड पर्सन मना कर देता है या निर्धारित समय में जवाब नहीं देता, तो ट्रांसफर अस्वीकार कर दिया जाएगा।
यह सुविधा स्वैच्छिक होगी और ग्राहक के साथ नामित व्यक्ति की स्पष्ट सहमति भी जरूरी होगी। ट्रस्टेड पर्सन को ग्राहक के बैंक खाते का बैलेंस, जमा राशि या अन्य वित्तीय जानकारियां देखने का अधिकार नहीं मिलेगा।
हर बड़े ट्रांजैक्शन पर नहीं लागू होगा Trusted Person नियम
इस प्रस्ताव की एक खास बात यह भी है कि ट्रस्टेड पर्सन की मंजूरी सभी तरह के डिजिटल भुगतान पर लागू नहीं होगी। यूपीआई (UPI) भुगतान, मर्चेंट पेमेंट और पहले से निर्धारित नियमित भुगतान जैसे स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन, ई-मैंडेट और NACH ट्रांजैक्शन को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है।
इसके अलावा, ग्राहक अपने ट्रस्टेड पर्सन को बदल सकता है, ट्रांजैक्शन की सीमा में संशोधन कर सकता है या इस सुविधा से बाहर भी आ सकता है। हालांकि, ऐसे बदलावों के लिए प्रमाणीकरण और 24 घंटे की कूलिंग अवधि का प्रावधान प्रस्तावित है।
कब से लागू होंगे RBI के नए सुरक्षा नियम?
फिलहाल RBI ने इन सुविधाओं को अंतिम रूप से लागू नहीं किया है, बल्कि इनसे संबंधित ड्राफ्ट गाइडलाइंस जारी की हैं। केंद्रीय बैंक ने इन प्रस्तावों पर 14 दिसंबर 2026 तक संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।
प्रस्ताव के मुताबिक, Stop Switch, Trusted Person Mechanism और अन्य ग्राहक-नियंत्रित सुरक्षा सुविधाएं 1 जुलाई 2027 से या बैंकों द्वारा तय की गई इससे पहले की तारीख से लागू हो सकती हैं। बैंक की लापरवाही से जुड़े संशोधित प्रावधान 1 जनवरी 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है।
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच आरबीआई की यह पहल ग्राहकों को अपने पैसों पर अधिक नियंत्रण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती है। हालांकि, इन सुविधाओं के वास्तविक लाभ इस बात पर निर्भर करेंगे कि बैंक इन्हें कितनी आसानी से उपलब्ध कराते हैं और ग्राहक इनके इस्तेमाल के प्रति कितने जागरूक रहते हैं।













