राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

यूपी सिपाही भर्ती: 1 अक्टूबर से शुरू होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा, पुरुषों को 25 मिनट में 4.8 किमी दौड़

On: September 24, 2026
Follow Us:
यूपी सिपाही भर्ती, 1 अक्टूबर से शुरू होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
---Advertisement---

लखनऊ/24 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही एवं समकक्ष पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के चरण में पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, यूपी सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। परीक्षा अर्हकारी प्रकृति की होगी और इसमें अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर दौड़ पूरी करनी होगी।

यूपी सिपाही भर्ती में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए दौड़ का मानक

यूपी सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में पूरी करनी होगी। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करना अनिवार्य होगा।

परीक्षा में केवल निर्धारित समय के भीतर दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को सफल माना जाएगा। यह परीक्षा अर्हकारी प्रकृति की होने के कारण इसके लिए निर्धारित मानकों को पूरा करना जरूरी होगा।

भर्ती परीक्षा को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस बार तकनीक पर खास जोर दिया गया है। परीक्षा में मैनुअल टाइमिंग की अनुमति नहीं होगी। इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग उपकरण, सीसीटीवी कैमरों और बायोमेट्रिक व्यवस्था का इस्तेमाल किया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग और सीसीटीवी से होगी निगरानी

भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एवं डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए गठित समिति में जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नामित किया जाएगा। परीक्षा इसी समिति की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।

परीक्षा स्थल पर मानकीकृत इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग उपकरण लगाए जाएंगे। इसके साथ पर्याप्त बैकअप की व्यवस्था भी रहेगी। अभ्यर्थियों की पहचान और परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली और सीसीटीवी कवरेज का इस्तेमाल किया जाएगा।

परीक्षा में सफल और असफल अभ्यर्थियों की सूची समिति के सदस्यों के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी की जाएगी। दिन की परीक्षा समाप्त होने के बाद परिणाम परीक्षण स्थल पर सूचना पट पर भी प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र साथ लाना जरूरी

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा की निर्धारित तारीख और समय की जानकारी बोर्ड की वेबसाइट से प्राप्त करें और समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें।

परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी को वैध मूल पहचान पत्र के साथ उपस्थित होना होगा। इसके लिए ई-आधार कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेजों के अलावा मूल आधार कार्ड साथ रखना होगा। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने की स्थिति में अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा।

स्टेरॉयड या नशीले पदार्थ के सेवन पर होगी कार्रवाई

शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान किसी अभ्यर्थी द्वारा स्टेरॉयड, उत्तेजक या नशीले पदार्थ का सेवन किए जाने की स्थिति में उसका आवेदन निरस्त किया जा सकता है। इसके साथ ही मामले की परिस्थितियों के अनुसार अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।

बोर्ड ने इस संबंध में अभ्यर्थियों को पहले से सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

समय पर परीक्षा में नहीं पहुंच पाए तो दे सकेंगे प्रत्यावेदन

यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तारीख और समय पर शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल नहीं हो पाता है, तो उसके लिए एक सीमित अवसर रखा गया है। अभ्यर्थी परीक्षा दिवस को ही स्वयं या अपने प्रतिनिधि के माध्यम से अन्य तारीख पर परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रत्यावेदन दे सकता है।

प्रत्यावेदन में परीक्षा में शामिल न हो पाने का विस्तृत कारण बताना होगा। खास बात यह है कि डाक, ई-मेल या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। गठित समिति के अलावा किसी अन्य माध्यम से दिए गए प्रत्यावेदन पर भी विचार नहीं किया जाएगा।

समिति अभ्यर्थी के कारणों पर विचार करने के बाद उसे निर्धारित परीक्षा तिथियों में किसी अन्य दिन अथवा अंतिम तिथि यानी रिजर्व डे पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने का निर्णय ले सकती है। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा की तारीख दोबारा निर्धारित नहीं की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें