राष्ट्रीय उत्तर प्रदेश राज्य अंतरराष्ट्रीय खेल मनोरंजन एजुकेशन बिजनेस राशिफल

---Advertisement---

प्रदेश की 96 चीनी मिलों में शुरू हुई गन्ने की पेराई, किसानों को 552.23 करोड़ रुपये का भुगतान

On: November 25, 2026
Follow Us:
प्रदेश की 96 चीनी मिलों में शुरू हुई गन्ने की पेराई
---Advertisement---

लखनऊ/25 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई का काम शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि चीनी मिलों की ओर से किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक 552.23 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है। सरकार का दावा है कि समय पर भुगतान सुनिश्चित होने से किसानों को बिचौलियों और भुगतान में देरी जैसी परेशानियों से राहत मिल रही है।

96 चीनी मिलों में 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गन्ना विभाग पेराई सत्र की गतिविधियों और किसानों को होने वाले भुगतान की लगातार निगरानी कर रहा है। गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत के मुताबिक, मौजूदा सत्र में अब तक प्रदेश की 96 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इनमें निजी क्षेत्र की 78, सहकारी क्षेत्र की 17 और निगम क्षेत्र की एक चीनी मिल शामिल है।

इन मिलों में अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। इससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है। यह आंकड़े प्रदेश में चीनी उद्योग की सक्रियता और मौजूदा पेराई सत्र की प्रगति को दर्शाते हैं।

हरदोई की हरियावां मिल पेराई में सबसे आगे

पेराई के मामले में हरदोई की हरियावां चीनी मिल ने प्रदेश की अन्य मिलों को पीछे छोड़ दिया है। इस मिल में अब तक 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हो चुकी है। इसके बाद सीतापुर की हरगांव चीनी मिल दूसरे और मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल तीसरे स्थान पर है।

अब तक सर्वाधिक गन्ना पेराई करने वाली तीन चीनी मिलों का विवरण इस प्रकार है:

चीनी मिलजिले का नामपेराई
हरियावां चीनी मिलहरदोई22.41 लाख कुंतल
हरगांव चीनी मिलसीतापुर21.94 लाख कुंतल
खतौली चीनी मिलमुजफ्फरनगर20.95 लाख कुंतल

गन्ना भुगतान में अजबापुर चीनी मिल सबसे आगे

किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान करने के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर चीनी मिल (डीसीएम ग्रुप) सबसे आगे है। इस मिल ने अब तक किसानों को 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। मेरठ की मवाना चीनी मिल 62 करोड़ रुपये के भुगतान के साथ दूसरे और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल 60.42 करोड़ रुपये के भुगतान के साथ तीसरे स्थान पर है।

अब तक सर्वाधिक भुगतान करने वाली चीनी मिलों का विवरण:

चीनी मिलजिलाभुगतान
अजबापुर (डीसीएम ग्रुप)लखीमपुर खीरी82 करोड़ रुपये
मवाना चीनी मिलमेरठ62 करोड़ रुपये
हरगांव चीनी मिलसीतापुर60.42 करोड़ रुपये

किसानों के बैंक खातों में सीधे पहुंच रही रकम

गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि मौजूदा पेराई सत्र में अब तक कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष चीनी मिलों की ओर से शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान किया जा चुका है। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर दिलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान करने को कहा गया है। विभागीय स्तर पर इसकी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को अपनी उपज का पैसा मिलने में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

गौरतलब है कि गन्ना किसानों के लिए समय पर भुगतान केवल आर्थिक राहत का विषय नहीं, बल्कि खेती की अगली तैयारी से भी जुड़ा है। फसल की लागत, खाद-बीज की खरीद और घरेलू जरूरतों के लिए किसानों को गन्ने की रकम का इंतजार रहता है। ऐसे में पेराई के साथ भुगतान की प्रक्रिया तेज रखना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिहाज से भी अहम है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें