लखनऊ/31 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश एक बार फिर वैश्विक व्यापार और निवेश का बड़ा केंद्र बनने की तैयारी में है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक UP International Trade Show 2026 (UPITS) आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन पहले से अधिक भव्य होने जा रहा है, जिसमें 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी की संभावना जताई गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को वैश्विक स्तर पर प्रभावी बनाया जाए और अधिक से अधिक विदेशी निवेशकों, खरीदारों तथा उद्योग समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
UP International Trade Show 2026: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक ताकत दुनिया के सामने होगी पेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रेड शो केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, विनिर्माण शक्ति और निर्यात संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ विजन को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया, रूस समेत विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से सक्रिय संवाद स्थापित कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने और देश-विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
85 देशों की भागीदारी, हजारों करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष ट्रेड शो की थीम “UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports” रखी गई है।
आयोजन के लिए निर्धारित प्रमुख लक्ष्य इस प्रकार हैं—
- 85 देशों की भागीदारी
- 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार
- 2,400 से अधिक प्रदर्शक
- 1.50 लाख से अधिक पंजीकृत B2B (बिजनेस टू बिजनेस) खरीदार
- 4.50 लाख से अधिक B2C (बिजनेस टू कस्टमर) आगंतुक
- 4,000 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर की संभावना
- 3,200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के प्रस्तावित एमओयू
- 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी की उम्मीद
सरकार का मानना है कि यह आयोजन प्रदेश में निवेश आकर्षित करने और निर्यात को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ओडीओपी से इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्र तक दिखेगी यूपी की ताकत
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस बार ट्रेड शो में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्रों को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया जाए। इनमें ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद), ओडीओसी, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, पर्यटन एवं फिल्म, अक्षय ऊर्जा, ऑटो एवं इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं स्वास्थ्य, कौशल विकास, नागरिक उड्डयन, वित्तीय सेवाएं, स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प, खादी, वस्त्र, चमड़ा और फर्नीचर जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
एआई, साइबर सुरक्षा और वैश्विक व्यापार पर होंगे नॉलेज सेशन
ट्रेड शो के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और उद्यमियों के लिए विशेष नॉलेज सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर अपराध, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, बैंकिंग एवं वित्त, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नई श्रम संहिताएं, खाद्य प्रसंस्करण नीति, सड़क सुरक्षा, ई-कॉमर्स, वैश्विक मुक्त व्यापार समझौते और एमएसएमई जैसे समकालीन विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सत्रों को व्यावहारिक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बनाया जाए, ताकि निवेशकों और उद्यमियों को सीधे लाभ मिल सके।
सांस्कृतिक विरासत भी बनेगी आकर्षण का केंद्र
व्यापार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक दिन शास्त्रीय संगीत, कथक, लोकनृत्य, लोकगायन, भजन, गजल और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले अतिथि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और उद्यमी मित्र कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागियों की भागीदारी बढ़ाई जाए। साथ ही आगंतुकों, खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों के लिए बेहतर यातायात, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि UP International Trade Show 2026 केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक के दौरान गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर ने ऑनलाइन माध्यम से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की भी जानकारी दी।










