नई दिल्ली (27 नवंबर 2026)। अगर आपके आधार कार्ड में ईमेल आईडी दर्ज नहीं है या आपने अपना पुराना ईमेल एड्रेस बदल लिया है, तो यह काम टालना महंगा पड़ सकता है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार में ईमेल आईडी जोड़ने और अपडेट करने की सुविधा फिलहाल मुफ्त कर रखी है। लेकिन इस छूट का लाभ उठाने के लिए आपके पास 31 दिसंबर 2026 तक का ही समय है।
UIDAI के आधिकारिक आदेश के मुताबिक, आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल एड्रेस अपडेट कराने पर 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक 75 रुपये का शुल्क माफ किया गया है। यानी इस अवधि में नया ईमेल जोड़ने या पुराने ईमेल को बदलने के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी।
खास बात यह है कि इस सुविधा के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत भी नहीं है। स्मार्टफोन में UIDAI का आधिकारिक Aadhaar App डाउनलोड करके घर बैठे अपडेट रिक्वेस्ट दर्ज की जा सकती है। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर, नए ईमेल पर मिलने वाला OTP और फेस ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी।
Aadhaar Email Update: 31 दिसंबर के बाद देने होंगे 75 रुपये?
UIDAI ने ईमेल अपडेट की सुविधा को छह महीने के लिए शुल्क मुक्त किया है। यह छूट 1 जुलाई 2026 से लागू हुई थी और 31 दिसंबर 2026 को समाप्त होगी।
सामान्य तौर पर आधार में ईमेल एड्रेस अपडेट कराने का शुल्क 75 रुपये है। UIDAI ने फिलहाल इस शुल्क को केवल Aadhaar मोबाइल ऐप के माध्यम से होने वाले ईमेल अपडेट के लिए माफ किया है।
इसका मतलब है कि मुफ्त सुविधा का लाभ लेने के लिए केवल 31 दिसंबर तक रिक्वेस्ट दर्ज करना जरूरी है। इसके बाद छूट आगे बढ़ाई नहीं जाती है तो सामान्य 75 रुपये का शुल्क लागू हो सकता है।
ध्यान रखें, यह छूट आधार ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने पर लागू है। इसे आधार की दूसरी सेवाओं के लिए मुफ्त अपडेट की घोषणा न समझें।
Aadhaar में Email ID अपडेट करने के लिए क्या-क्या जरूरी?
ईमेल अपडेट की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कुछ जरूरी चीजें अपने पास रखें।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर: लॉगिन और OTP वेरिफिकेशन के लिए।
- नया ईमेल एड्रेस: जिस ईमेल आईडी को आधार से जोड़ना चाहते हैं।
- स्मार्टफोन: जिसमें UIDAI का आधिकारिक Aadhaar App इंस्टॉल हो।
- इंटरनेट कनेक्शन: ऐप पर प्रक्रिया पूरी करने के लिए।
- फेस ऑथेंटिकेशन: पहचान की पुष्टि के लिए फोन के फ्रंट कैमरे से चेहरा सत्यापित करना होगा।
Aadhaar App से घर बैठे Email ID कैसे अपडेट करें? जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
अगर आप पहली बार आधार में ईमेल आईडी जोड़ रहे हैं या पुरानी आईडी बदलना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए तरीके को अपनाएं।
स्टेप 1: सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधिकारिक Aadhaar App डाउनलोड करें। इसे Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें।
स्टेप 2: ऐप खोलकर अपनी भाषा चुनें और 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें। इसके बाद आधार से लिंक मोबाइल नंबर वाले SIM का चयन करके OTP और जरूरी प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। ऐप में पहले से रजिस्ट्रेशन है तो 6 अंकों के PIN से लॉगिन कर सकते हैं।
स्टेप 3: लॉगिन करने के बाद ऐप के Services सेक्शन में जाएं। यहां Email Add/Update का विकल्प चुनें।
स्टेप 4: अब अपना नया ईमेल एड्रेस दर्ज करें। यदि पहले से कोई ईमेल आईडी आधार से जुड़ी है और आप उसे बदलना चाहते हैं, तो उसकी जगह नया ईमेल एड्रेस भरें।
स्टेप 5: आपके नए ईमेल एड्रेस पर OTP भेजा जाएगा। ईमेल इनबॉक्स में जाकर OTP देखें और उसे ऐप में दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें।
स्टेप 6: इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें। फोन के फ्रंट कैमरे के सामने आकर स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।
स्टेप 7: सभी जानकारियां एक बार फिर जांच लें। ईमेल एड्रेस सही होने पर अपडेट रिक्वेस्ट सबमिट कर दें। ऐप से प्राप्त रिक्वेस्ट नंबर (URN) को सुरक्षित रख लें, ताकि आगे अपडेट का स्टेटस चेक किया जा सके।
स्रोत: UIDAI का आधिकारिक Aadhaar App ट्यूटोरियल और शुल्क संबंधी आदेश।
आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराना क्यों है जरूरी?
आधार से ईमेल आईडी लिंक होने का फायदा केवल संपर्क जानकारी अपडेट रखने तक सीमित नहीं है। इससे आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं ईमेल के माध्यम से प्राप्त करने में मदद मिलती है।
UIDAI के अनुसार, आधार से ईमेल जुड़ा होने पर संबंधित प्रमाणीकरण अनुरोधों के बारे में ईमेल नोटिफिकेशन भेजे जा सकते हैं। इससे यूजर्स को अपने आधार के इस्तेमाल से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलती रहती है।
इसलिए अगर आपकी ईमेल आईडी बदल चुकी है या अभी तक आधार से लिंक नहीं है, तो 31 दिसंबर 2026 से पहले इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठाना बेहतर होगा।
आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें:













