21 जून 2026|झांसी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर झांसी जनपद रविवार को योगमय नजर आया। ऐतिहासिक झांसी किले की तलहटी से लेकर रेलवे परिसरों, पुलिस लाइन और ग्रामीण क्षेत्रों तक योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। जिलेभर में आयोजित विभिन्न योग शिविरों में हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण झांसी किले की तलहटी में आयोजित राज्य स्तरीय योग शिविर रहा, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामूहिक योगाभ्यास किया। उनके साथ बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि इस वर्ष मुझे झांसी की इस ऐतिहासिक धरती पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में आप सभी के साथ शामिल होने का अवसर मिला है।” उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को कई बीमारियों से बचाने के साथ-साथ समय से पहले आने वाले बुढ़ापे के प्रभाव को भी कम करता है। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।
रेलवे संस्थानों में भी मनाया गया योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी मंडल के रेलवे प्रतिष्ठानों और परिसरों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल स्तरीय मुख्य आयोजन सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट झांसी में हुआ, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों, विद्यार्थियों और उनके परिजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने वंदे मातरम् गीत और दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।
पुलिस लाइन में महिलाओं और बच्चों ने किया योगाभ्यास
झांसी पुलिस लाइन में भी योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वामासारथी अध्यक्ष नीवी मूर्ति ने पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने योग को तनावमुक्त और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए कहा कि नियमित योग व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की और कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा उत्साह
टहरौली कस्बे के जनक सिंह क्रीड़ा स्थल, अमृत सरोवर और आदर्श जनप्रिय इंटर कॉलेज सहित कई स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए गए। यहां प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
पंचायत सचिव अजयपाल सिंह सेंगर और रामसिंह पटेल ने लोगों को योग के लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखता है। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
स्वस्थ जीवनशैली का लिया संकल्प
योग शिविरों के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया। जिलेभर में हुए इन आयोजनों ने यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन का प्रभावी माध्यम है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झांसी में देखने को मिला जनसहभागिता का यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि योग अब केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि लोगों की जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है।








