लखनऊ, 02 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा अब पारंपरिक संसदीय गतिविधियों के साथ आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं की दिशा में भी तेज़ी से आगे बढ़ रही है। सोमवार से शुरू होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन परिसर में कई महत्वपूर्ण विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें सबसे खास आकर्षण यूपी विधानसभा पॉडकास्ट स्टूडियो रहा, जिसे आधुनिक संचार और जनसंपर्क के नए माध्यम के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विधान भवन के भूतल पर विकसित किए गए नवीनीकृत कॉरिडोर का उद्घाटन भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य विधानसभा परिसर को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाना है।
पॉडकास्ट स्टूडियो में आधुनिक तकनीक की झलक
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के नए पॉडकास्ट स्टूडियो का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं की जानकारी ली। माना जा रहा है कि यह स्टूडियो भविष्य में विधानसभा की गतिविधियों, जनप्रतिनिधियों के संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सदन के भीतर भी जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
उत्तर प्रदेश की विरासत और संस्कृति का भी किया अवलोकन
विधान भवन परिसर में तैयार किए गए विशेष मॉडल का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। हेलीकॉप्टर की आकृति वाले इस मॉडल के भीतर उत्तर प्रदेश के इतिहास, धार्मिक स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाने वाली तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने इन प्रदर्शनों को ध्यानपूर्वक देखा और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित करने के प्रयासों की सराहना की।
विधानसभा पहुंचने पर हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर तथा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सोमवार से शुरू होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले विधान भवन में किए गए ये विकास कार्य न केवल परिसर को आधुनिक स्वरूप देंगे, बल्कि विधानसभा की कार्यप्रणाली को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और जनसुलभ बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।








