लखनऊ, 24 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग ने यूपी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप 2026 एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। इस योजना के तहत अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), सामान्य वर्ग (General) और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिलेगा। विभाग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले शिक्षण संस्थानों को अपनी तैयारियां पूरी करनी होंगी। इसके लिए 15 अगस्त 2026 तक सभी संस्थानों को मास्टर डाटा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय, संबद्ध (एफिलिएटिंग) संस्थाएं और जिला समाज कल्याण अधिकारी विभिन्न चरणों में दस्तावेजों और विवरण का सत्यापन करेंगे, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
नवीनीकरण और नए विद्यार्थियों के आवेदन की अलग-अलग अंतिम तिथि
जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिन विद्यार्थियों को पहले से छात्रवृत्ति मिल रही है और वे नवीनीकरण (Renewal) कराना चाहते हैं, वे 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
वहीं पहली बार आवेदन करने वाले नए विद्यार्थियों (Fresh Candidates) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन प्राप्त होने के बाद विभाग की ओर से सत्यापन, स्क्रूटनी, जिला स्तरीय समिति की मंजूरी, मांग सृजन और धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
दिसंबर और जनवरी में खातों में पहुंचेगी छात्रवृत्ति
समय-सारिणी के अनुसार, नवीनीकरण श्रेणी के पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में 1 से 10 दिसंबर 2026 के बीच छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी जाएगी।
दूसरी ओर, नए पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में यह राशि 27 से 31 जनवरी 2027 के बीच डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।
सभी संबंधित विभागों को दिए गए निर्देश
समाज कल्याण विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, संबद्ध एजेंसियों और जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय-सारिणी का सख्ती से पालन करें। साथ ही पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन, सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी कर उन्हें छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।
यूपी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप 2026: महत्वपूर्ण तिथियां
- मास्टर डाटा तैयार करने की अंतिम तिथि: 15 अगस्त 2026
- नवीनीकरण आवेदन: 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026
- नए विद्यार्थियों के आवेदन: 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026
- नवीनीकरण छात्रवृत्ति वितरण: 1 से 10 दिसंबर 2026
- नए विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति: 27 से 31 जनवरी 2027










